बिहार में शिक्षक भर्ती TRE 4 को लेकर अभ्यर्थियों का गुस्सा अब सड़कों पर उतर आया है। शुक्रवार को पटना में सैकड़ों शिक्षक अभ्यर्थियों ने भर्ती विज्ञापन जारी करने की मांग को लेकर विरोध मार्च निकाला। इस दौरान पुलिस ने प्रदर्शनकारियों पर लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई छात्र घायल हो गए। जानकारी के मुताबिक, अभ्यर्थियों ने पटना कॉलेज से मार्च शुरू किया और मुख्यमंत्री आवास की ओर बढ़ने लगे। प्रदर्शन के दौरान छात्र सरकार और बीपीएससी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी आगे बढ़ते रहे। इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया।
कई छात्रों को हिरासत में लिया
लाठीचार्ज के दौरान कई छात्रों को चोटें आईं। पुलिस ने कुछ प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेकर वैन में बैठा दिया। प्रदर्शन का नेतृत्व छात्र नेता दिलीप कर रहे थे। अभ्यर्थियों का कहना है कि सरकार लगातार TRE 4 भर्ती प्रक्रिया में देरी कर रही है, जिससे लाखों युवाओं का भविष्य अधर में लटक गया है। प्रदर्शनकारियों ने बीपीएससी की नई नियमावली का भी विरोध किया।
नई नियमावली पर भी नाराजगी
छात्रों का आरोप है कि बीपीएससी की नई नियमावली से अभ्यर्थियों को नुकसान होगा। प्रदर्शन के दौरान “TRE 4 विज्ञापन जारी करो” और “नियमावली वापस लो” जैसे नारे लगाए गए। विरोध मार्च बाकरगंज तक पहुंचा, जहां बड़ी संख्या में छात्र जुट गए। हालात बिगड़ते देख प्रशासन अलर्ट मोड में आ गया। जेपी गोलंबर समेत कई इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया ताकि कानून व्यवस्था बनी रहे।
नए शिक्षा मंत्री के सामने बड़ी चुनौती
प्रदर्शन की वजह से पटना के कई इलाकों में यातायात भी प्रभावित हुआ। अभ्यर्थियों ने चेतावनी दी है कि अगर जल्द भर्ती विज्ञापन जारी नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। गौरतलब है कि गुरुवार को ही बिहार मंत्रिमंडल का विस्तार हुआ था और मिथिलेश तिवारी को नया शिक्षा मंत्री बनाया गया है। ऐसे में TRE 4 अभ्यर्थियों की मांगों को लेकर बढ़ता आंदोलन उनके सामने बड़ी चुनौती बनता दिख रहा है।