पटना। बिहार में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में बिहार में राजनीतिक बयानबाजी शुरू हो चुकी है। इस बीच पटना में राजद नेता तेजस्वी यादव ने बयान देते हुए नीतीश कुमार पर निशाना साधा। तेजस्वी यादव ने कहा, ‘हमारे चाचा जी अचेत अवस्था में हैं। उनको कुछ नहीं पता कि बिहार में क्या हो रहा है। उनको बिहार से कोई मतलब नहीं है। उनको सिर्फ एक चिंता है कि अपनी कुर्सी को वो बचाकर रखें। नीति आयोग की बैठक में नीतीश कुमार नहीं जाते हैं, लेकिन एनडीए की बैठक में चले जाते हैं। अब किसी भी कीमत पर लोग बिहार में सरकार बदलना चाहते हैं। बच्चा-बच्चा कहने लगा है कि 5 से 25, बहुत हुआ नीतीश।
तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि मंगनी लाल मंडल को आज निर्विरोध प्रदेश अध्यक्ष का सर्टिफिकेट दे दिया गया है। कर्पूरी जी के साथ वो मंत्री रहे, सांसद रहें, उनके इसका लंबा अनुभव है। हमें पूरा विश्वास है कि उनके नेतृत्व में हमलोग चुनाव जीतेंगे। जगदानंद सिंह जी अस्वस्थ हैं। उनका अनुभव हमें मिलता रहेगा। तेजस्वी यादव ने आगे कहा कि इसके बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष का चुनाव है। मुझे उम्मीद है कि जगदा बाबू को भी राष्ट्रीय स्तर की जिम्मेदारी मिलेगी। बता दें कि आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए बिहार के पूर्व कैबिनेट मंत्री मंगनी लाल मंडल को आरजेडी का नया प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है।