रिपोर्ट – मनोज तिवारी
हरदोई: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में बिलग्राम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हरियाणा पुलिस की हिरासत से फरार हुए साइबर अपराध के आरोपी को महज पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान मनजीत महतो के रूप में हुई है, जिसके खिलाफ हरियाणा के साइबर थाना चरखी दादरी में मुकदमा दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, साइबर थाना चरखी दादरी की टीम मनजीत महतो को गिरफ्तार कर उससे जुड़े अन्य आरोपियों की तलाश में हरदोई होते हुए रायबरेली जा रही थी। इसी दौरान बिलग्राम क्षेत्र के एक होटल में पुलिस टीम के ठहरने के दौरान आरोपी मौका पाकर फरार हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिलग्राम कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा के निर्देश पर क्षेत्राधिकारी बिलग्राम रवि प्रकाश के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तत्काल पतारसी-सुरागरसी शुरू की और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली।
सीओ बिलग्राम रवि प्रकाश ने बताया कि लगातार प्रयास और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार आरोपी मनजीत महतो को पांच घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया। उन्होंने बताया कि आरोपी भिवंडी, ठाणे (महाराष्ट्र) के उन्नाती रेजिडेंसी का निवासी है और उसके खिलाफ साइबर अपराध से जुड़ा मामला दर्ज है। फिलहाल आरोपी के खिलाफ आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है और आगे की जांच जारी है।