कानपुर। कल्याणपुर स्थित एसआईएस हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर परिसर में बने साईं मंदिर के तृतीय वार्षिकोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर साईं नाथ महाराज की मूर्ति स्थापना की तीसरी वर्षगांठ को विशेष पूजा-अर्चना और धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत विद्वान पुरोहितों द्वारा विधिवत पूजा, हवन एवं कथा से हुई, जिसमें हॉस्पिटल प्रबंधन, स्टाफ, ट्रस्ट सदस्य एवं श्रद्धालुओं ने भाग लिया। इसके उपरांत भव्य संगीतमय सुंदरकांड का आयोजन किया गया, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
इस अवसर पर श्री इकबाल सिंह सेवा समिति के सौजन्य से जरूरतमंदों को कंबल वितरण कर सम्मानित किया गया। साथ ही विभिन्न सामाजिक कार्यक्रमों का भी आयोजन हुआ। कार्यक्रम के अंत में विशाल भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें हॉस्पिटल के डायरेक्टर हरिन्द्र सिंह, डॉ. आदित्य त्रिपाठी, हॉस्पिटल स्टाफ सहित शहर के अनेक प्रतिष्ठित चिकित्सकों एवं गणमान्य नागरिकों ने प्रसाद ग्रहण किया।
हॉस्पिटल के डायरेक्टर एच. एन. सिंह ने कहा कि डॉक्टर अपने अनुभव और ज्ञान से मरीजों के स्वास्थ्य लाभ के लिए हर संभव प्रयास करते हैं, लेकिन इसके साथ ही ईश्वर का आशीर्वाद भी अत्यंत आवश्यक होता है। इसी भावना के साथ हॉस्पिटल परिसर में साईं मंदिर की स्थापना की गई है और हर वर्ष वार्षिकोत्सव का आयोजन किया जाता है।
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री राकेश सचान, विधायक राहुल बच्चा सोनकर, राजाराम पाल, सतीश निगम, विकास सिंह, बी. के. मिश्रा, अनुप टंडन, राजेश जी सहित कई गणमान्य लोगों की उपस्थिति रही।
