तिजारा (राजस्थान)। राजस्थान के अलवर जिले के तिजारा विधानसभा में बुधवार को आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए उप्र के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इजरायल की तारीफ की। यहां से भाजपा ने अपने फायरब्रांड नेता व अलवर के सांसद बाबा बालकनाथ को चुनावी मैदान में उतारा है।
सीएम योगी कहा कि देख रहे हैं ना कि इजरायल गाजा में तालिबानी मानसिकता को कैसे कुचल रहा है। एकदम निशाना मारकर, सटीक तरह से कुचल रहा है। योगी ने कहा कि तालिबान का इलाज बजरंग बली की गदा ही है। कांग्रेस पार्टी पर निशाना साधते हुए योगी आदित्यनाथ ने कहा, मुझे पता चला है कि तिजारा विधानसभा में कांग्रेस ने जिस प्रत्याशी को टिकट दिया है, वह अपने बारे में बड़ी-बड़ी उपमाएं लगाता है।
आतंकवाद को लेकर कांग्रेस को घेरते हुए योगी ने कहा कि सरदार पटेल ने कश्मीर को भारत का अभिन्न अंग बनाया, लेकिन कांग्रेसी नेता जवाहरलाल नेहरू ने यहां भी समस्या पैदा कर दी, जिसके चलते आतंकवाद ने पैर पसार लिए। इसके बाद जब भाजपा सरकार आई तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने कश्मीर को समस्या मुक्त किया। वहां से आतंकवाद को मिटाने के लिए कदम उठाए।
कौन हैं बाबा बालकनाथ
राजस्थान के अलवर से सांसद बाबा बालकनाथ मस्तनाथ मठ के महंत हैं। बालकनाथ अपने समर्थकों के बीच राजस्थान के योगी के नाम से प्रसिद्ध हैं। उनकी ड्रैसिंग स्टाइल सीएम योगी आदित्यनाथ की तरह दिखती है।
भगवा कपड़ों में रहने वाले महंत बालक नाथ को भाजपा के फायरब्रांड नेताओं में से एक माना जाता है। वह हिंदुत्व एजेंडे पर अपने आक्रामक रुख के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं। अपनी फायर ब्रांड वाली छवि के चलते वह आमजन में काफी प्रसिद्ध हैं। बाबा बालकनाथ ओबीसी कैटेगरी से आते हैं।