देहरादून। उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा है कि युवाओं के अधिकारों से खिलवाड़ करने वालों और भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ सरकार की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि भ्रष्टाचारियों को जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाने का अभियान किसी भी कीमत पर नहीं रुकेगा।
भाजपा प्रदेश प्रकोष्ठों के गठन के बाद आयोजित पहली बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार विकास, सुशासन और राष्ट्रवाद की भावना के साथ काम कर रही है, जबकि विपक्ष नकारात्मक राजनीति, तुष्टीकरण और भ्रष्टाचार के रास्ते पर चल रहा है।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि आज विपक्ष के पास न कोई स्पष्ट नीति है, न सही नियत और न ही प्रभावी नेतृत्व। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान उत्तराखंड को भ्रष्टाचार, घोटालों और तुष्टीकरण की राजनीति का केंद्र बनाने का प्रयास किया गया, जबकि वर्तमान सरकार विकास और जनकल्याण को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है।
अवैध अतिक्रमण और कब्जों पर सख्ती
सीएम धामी ने कहा कि राज्य की सांस्कृतिक पहचान और देवभूमि के मूल स्वरूप को सुरक्षित रखने के लिए सरकार ने कई महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। इनमें समान नागरिक संहिता (UCC), धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून जैसे फैसले शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जों और अतिक्रमण के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। कुछ लोग वोट बैंक की राजनीति के चलते इन अभियानों का विरोध कर रहे हैं, लेकिन सरकार राज्य की जनसंख्या संरचना और सांस्कृतिक विरासत से किसी भी तरह का समझौता नहीं करेगी।
आपदा के समय विपक्ष पर भी हमला
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि आपदा के समय विपक्ष केवल सोशल मीडिया और बयानबाजी तक सीमित रहता है, जबकि भाजपा कार्यकर्ता और सरकार के प्रतिनिधि जमीनी स्तर पर राहत कार्यों में जुटे रहते हैं। उन्होंने कहा कि धराली, सिलक्यारा टनल, जोशीमठ, रुद्रप्रयाग और पौड़ी जैसी आपदाओं के दौरान वह स्वयं ग्राउंड जीरो पर मौजूद रहे और राहत कार्यों की निगरानी की।
जनता की समस्याएं सरकार तक पहुंचाने का आह्वान
सीएम धामी ने भाजपा प्रकोष्ठों के कार्यकर्ताओं से जनता के बीच सक्रिय रहने और उनकी समस्याओं को सरकार तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार का दरवाजा हमेशा आम जनता के लिए खुला है और भाजपा कार्यकर्ता सुख-दुख हर परिस्थिति में लोगों के साथ खड़ा रहता है। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि आगामी चुनावों में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की पहुंच बढ़ाने में विभिन्न प्रकोष्ठों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी।