भोपाल। मध्य प्रदेश के खजुराहो स्थित गौतम रिसोर्ट में सोमवार को भोजन करने के बाद आठ कर्मचारियों की अचानक तबीयत बिगड़ जाने से हड़कंप मच गया। बीमार कर्मचारियों को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान तीन लोगों रामस्वरूप कुशवाह (47), प्रागीलाल कुशवाह और गिरिजा रजक (35) की मौत हो गई। बाकी पाँच कर्मचारियों का इलाज जारी है, जिनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह घटना उस समय सामने आई जब खजुराहो में मुख्यमंत्री और मंत्रियों का प्रवास चल रहा है, जिससे प्रशासन में हड़कंप मच गया है। मामले में संदिग्ध परिस्थितियों में एक साथ हुई मौतों को लेकर अधिकारियों ने फूड पॉइजनिंग की आशंका पर संदेह जताया है। सीएमएचओ आर.पी. गुप्ता ने कहा, “सामान्य फूड प्वॉइजनिंग से इस तरह मौतें नहीं होतीं।” उन्होंने पुष्टि की कि वास्तविक कारण जानने के लिए फॉरेंसिक एक्सपर्ट की टीम बुलाई गई है और रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो सकेगा।
कैसे बिगड़ी तबीयत
जानकारी के मुताबिक, रिसोर्ट में कार्यरत कर्मचारियों ने आलू-गोभी की सब्जी का सेवन किया था। खाना खाने के कुछ ही देर बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी। अस्पताल पहुंचाने के बाद गंभीर रूप से बीमार कर्मचारियों को ग्वालियर रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान तीन की मौत हो गई।
बीमार हुए कर्मचारी
बिहारी पटेल (50), निवासी खजुराहो
रामस्वरूप कुशवाह (47), निवासी खजुराहो
रोशनी रजक (30), निवासी ग्राम झटकरा
दयाराम (70), निवासी खजुराहो
हार्दिक सोनी (20), निवासी राजनगर
गोलू अग्निहोत्री (25), निवासी पीरा थाना राजनगर
गिरजा रजक (35)
एक अन्य कर्मचारी
जांच और प्रशासनिक कार्रवाई
घटना की गंभीरता देखते हुए भोजन के सैंपल की जांच के लिए तुरंत सैंपलिंग कराई गई है। फॉरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
कलेक्टर पार्थ जैसवाल ने मृत कर्मचारियों के परिजनों प्रागीलाल कुशवाह, गिरजा रजक और रामस्वरूप कुशवाह—को रेडक्रॉस सोसायटी से 20–20 हजार रुपये की आर्थिक सहायता स्वीकृत की है। जिला प्रशासन ने कहा कि मामले की पूरी सच्चाई सामने आने के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।