ग्रेटर नोएडा: उत्तर प्रदेश के ग्रेटर नोएडा में एक होटल में ठहरे 26 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि युवक होटल के कमरे की खिड़की से बाहर झांक रहा था, तभी वहां से गुजर रही 11 हजार केवी की हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। पूरी घटना होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई है।
खिड़की से बाहर झांकते समय हुआ हादसा
घटना मंगलवार शाम करीब पांच बजे बादलपुर थाना क्षेत्र में भारत धर्म कांटा के पास स्थित होटल स्टे इन की बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक, मृतक की पहचान करण एन्क्लेव निवासी गौरव पुत्र साधुराम के रूप में हुई है। गौरव ने होटल में कमरा बुक किया था। मंगलवार शाम वह होटल के बरामदे की खिड़की से बाहर देख रहा था। इसी दौरान खिड़की के पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया। सीसीटीवी फुटेज में हादसे के दौरान चिंगारी निकलती दिखाई दे रही है। करंट लगने के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। होटल कर्मचारी मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक युवक की मौत हो चुकी थी।
पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घटना की सूचना मिलते ही बादलपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी विजय गुप्ता के मुताबिक, मामले की जांच की जा रही है। पुलिस होटल प्रबंधन और कर्मचारियों से भी पूछताछ कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि होटल की खिड़की के बेहद करीब से गुजर रही हाईटेंशन लाइन की स्थिति क्या थी और हादसे की परिस्थितियां कैसे बनीं।
परिजनों की जानकारी जुटा रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिवार और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जानकारी जुटाई जा रही है। सीसीटीवी फुटेज को जांच का हिस्सा बनाया गया है। हादसे की पूरी परिस्थितियां जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।