गुजरात के सुरेंद्रनगर जिले में सोमवार तड़के एक भीषण सड़क हादसे में 7 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए। हादसा लखतर-विरामगाम हाईवे पर हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने पैदल जा रहे श्रद्धालुओं के समूह को पीछे से कुचल दिया। मृतकों में 5 महिलाएं और 2 पुरुष शामिल हैं। सभी मृतक राजकोट जिले के गढ़का गांव के रहने वाले बताए जा रहे हैं। ये लोग डेकावाला स्थित महादेव मंदिर में दर्शन के लिए जा रहे थे। छारद गांव के पास पैदल चलते समय अचानक पीछे से आए बेकाबू ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी।
पुलिस अधीक्षक वेदिका बिहानी के अनुसार, हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है और कई घायल हैं। घटना के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है। टक्कर इतनी भीषण थी कि 6 लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए थे, जिन्हें निकालने में पुलिस और राहतकर्मियों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया है, जबकि शवों को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों के मुताबिक घायलों में कई की हालत गंभीर है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है। इस घटना के चलते हाईवे पर कई घंटों तक लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश में जुटी हुई है।