कालाहांडी| ओडिशा के कालाहांडी जिले में मंगलवार को बड़ा हादसा हो गया। एम. रामपुर क्षेत्र के गौड़ कार्लाखुंटा गांव में निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के अंदर काम कर रहे 6 लोगों की दम घुटने से मौत हो गई, जबकि एक अन्य मजदूर गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में मातम पसरा हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, हादसा उस वक्त हुआ जब मजदूर निर्माणाधीन सेप्टिक टैंक के भीतर सेंटरिंग हटाने का काम कर रहे थे। शुरुआती आशंका है कि टैंक के अंदर जहरीली गैस भर गई थी और ऑक्सीजन की कमी के कारण मजदूर बेहोश हो गए। एक के बाद एक उन्हें बचाने के लिए अन्य लोग भी टैंक में उतरते चले गए, लेकिन वे भी अंदर फंस गए।
मृतकों में सेप्टिक टैंक के ठेकेदार निमाई पाल, उनका बेटा आकाश पाल, मजदूर आदल माझी, मनोरंजन हाती, छंदा जाला और बिपुल जाला शामिल हैं। वहीं, पंकज जानी नामक युवक गंभीर रूप से घायल है और उसका इलाज जारी है।
घटना की जानकारी मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों और प्रशासन की टीम ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया और सभी को टैंक से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया। हालांकि डॉक्टरों ने छह लोगों को मृत घोषित कर दिया।
एक ही गांव के कई परिवारों पर इस हादसे ने दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। गांव में शोक का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
वहीं, मदनपुर रामपुर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में सुरक्षा मानकों की अनदेखी और टैंक के भीतर जहरीली गैस को हादसे की बड़ी वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने पूरे मामले की विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।