बिहार की राजधानी पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के शाहपुर में दौलत राय के बेटे के रिसेप्शन कार्यक्रम के दौरान दो सगे भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना के समय समारोह में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे। चश्मदीदों के अनुसार, 32 वर्षीय मनीष कुमार और 23 वर्षीय उसके भाई मंजीत कुमार का किसी बात को लेकर विवाद हुआ। विवाद के बाद कुछ अपराधियों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी। गोलीबारी में दोनों भाइयों को गंभीर चोटें आईं। उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही दोनों की मौत हो गई।
घटना के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई और आरोपी भाग निकले। गोपालपुर थाना पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की कोशिश की जा रही है। मौके से तीन कारतूस के खोखे बरामद हुए हैं। FSL टीम की मदद से मामले की विस्तृत जांच की जा रही है। पटना सिटी एसपी पूर्वी परिचय कुमार ने बताया कि रिसेप्शन पार्टी में हुई फायरिंग में दो लोग घायल हुए, जिनकी अस्पताल पहुँचने से पहले मौत हो गई।