नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया. शाहदरा जिले के विवेक विहार थाना क्षेत्र के ज्वाला नगर में एक दो मंजिला मकान अचानक ढह गया. इस हादसे में तीन साल की मासूम बच्ची समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हो गए. हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई. सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया.
सुबह करीब 10:13 बजे मिली हादसे की सूचना
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 10 बजकर 13 मिनट पर पुलिस को मकान गिरने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस, दमकल विभाग और एंबुलेंस की टीमें तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गईं. मकान के मलबे में कई लोगों के फंसे होने की आशंका के चलते बचाव अभियान चलाया गया. अधिकारियों के मुताबिक, मलबे से निकाले गए लोगों को इलाज के लिए डॉ. हेडगेवार अस्पताल पहुंचाया गया.
तीन साल की बच्ची समेत दो की मौत
इस हादसे में तीन साल की बच्ची खुशबू और एक अन्य व्यक्ति की जान चली गई. मृतकों के अलावा चार अन्य लोग घायल हुए हैं. घायलों की पहचान लड्डू उर्फ देवांश (27), विकेश (35), आकाश (25) और दिलीप उर्फ डिम्पा (22) के रूप में हुई है. सभी का अस्पताल में इलाज चल रहा है.
40 से 50 साल पुराना बताया जा रहा मकान
शुरुआती जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुआ मकान करीब 40 से 50 साल पुराना था. मकान में रहने वाले लोग किरायेदार बताए जा रहे हैं. फिलहाल मकान गिरने की वास्तविक वजह सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटाई जा रही है.
दिल्ली में पहले भी हो चुके हैं ऐसे हादसे
राजधानी दिल्ली में हाल के दिनों में इमारतों के ढहने की कई घटनाएं सामने आई हैं. ऐसे में विवेक विहार की यह घटना एक बार फिर पुराने और जर्जर मकानों की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े करती है.