लखनऊ। उप्र की राजधानी राजधानी लखनऊ और आसपास के जिलों में मंगलवार देर रात से ही बारिश जारी है। यह सिलसिला बुधवार सुबह भी जारी रहा। मौसम विभाग ने लखनऊ सहित 51 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।
वहीं, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच और खीरी में भी ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। बारिश के कारण मौसम का मिजाज बदल गया है। तापमान नीचे चला गया है। घरों में लोगों ने कूलर और एसी बंद कर दिए हैं।
विशेषज्ञों का कहना है कि पश्चिमी यूपी में पक चुकी फसलों व सब्जियों के लिए ये बारिश हानिकारक है। जबकि पूर्वांचल इलाके में धान की फसल इस बार विलंब से है तो उसके लिए लाभदायक है। मौसम विभाग के अनुमान के मुताबिक कई जिलों में बारिश होगी व मौसम ऐसा ही बना रहेगा।
बारिश के चलते दुर्गा पूजा के समापन और रावण दहन के कार्यक्रमों पर असर दिखाई दिया। रावण का पुतला गीला होने से उसके दहन में भी परेशानी हुई।
कानपुर में रावण का पुतला भीगने से हुआ क्षतिग्रस्त
कानपुर में सुबह से हो रही तेज बारिश की वजह से शहर भर में जगह-जगह लगाए गए करीब 200 रावण के पुतले पानी की वजह से क्षतिग्रस्त हो गए हैं। सबसे पुराने रामलीला परेड में स्थापित रावण का पुतला भी कई जगह से टूट गया है।
मेरठ में दशहरे की तैयारियों पर फिरा पानी
मेरठ में बुधवार को अचानक शुरू हुई बारिश से मौसम सुहाना हो गया। वहीं, तेज बारिश होने से दशहरा की तैयारियों पर पानी फिर गया है।
अलीगढ़ में बारिश से मेला पूरी तरह से चौपट
अलीगढ़ में अचानक हुई बारिश से नुमाइश मैदान में दशहरे के मेले में भगदड़ मच गई। बारिश के चलते झूले व दुकानों का संचालन बंद किया गया।