नई दिल्ली। दिल्ली के उत्तम नगर में होली के दिन हुए युवक तरुण खटीक की हत्या को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। इस मामले में राजनीतिक बयानबाजी और विरोध प्रदर्शन तेज हो गए हैं। AIMIM नेता द्वारा आरोपी परिवार के समर्थन में दिए गए बयान और घटना को आत्मरक्षा का मामला बताए जाने के बाद सियासत भी गर्मा गई है। वहीं विश्व हिंदू परिषद (VHP) ने तरुण खटीक के लिए न्याय की मांग करते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। पुलिस ने इस मामले में अब तक कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो नाबालिगों को हिरासत में लिया गया है। मामले की जांच लगातार जारी है।
शिखर धवन ने जताया दुख
भारतीय क्रिकेटर शिखर धवन ने भी इस घटना पर दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए कहा कि इतनी छोटी सी बात पर किसी की जान जाना बेहद दुखद और चिंताजनक है।
धवन ने अपने पोस्ट में लिखा, “उत्तम नगर में तरुण कुमार की दुखद मौत से गहरा दुख हुआ। यह बेहद हृदयविदारक है कि होली के दौरान एक बच्चे द्वारा पानी का गुब्बारा फेंकने जैसी मामूली बात हिंसा में बदल गई। मानवता को इस स्तर तक कभी नहीं गिरना चाहिए। मैं उनके परिवार के लिए प्रार्थना करता हूं और उम्मीद करता हूं कि दोषियों को कड़ी सजा मिले।”
हिंदू संगठनों का विरोध प्रदर्शन
इस घटना के बाद विश्व हिंदू परिषद समेत कई हिंदू संगठनों ने विरोध जताया है। वीएचपी कार्यकर्ताओं ने तरुण के परिवार से मुलाकात कर उन्हें सांत्वना दी और न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। संगठन ने चेतावनी दी है कि यदि दोषियों पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
महिला समेत कई आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार इस मामले में सायरा नाम की उस महिला को भी गिरफ्तार किया गया है, जिसके ऊपर पानी के छींटे पड़ने के बाद विवाद शुरू हुआ था। पुलिस का कहना है कि दोनों परिवार पिछले लगभग 50 वर्षों से एक-दूसरे को जानते थे।
इलाके में कड़ी सुरक्षा, सोशल मीडिया पर निगरानी
घटना के बाद उत्तम नगर क्षेत्र को संवेदनशील घोषित कर दिया गया है और इलाके में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इस बीच एमसीडी ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के घर के अवैध हिस्से को बुलडोजर से ध्वस्त कर दिया है। वहीं पुलिस सोशल मीडिया पर भी कड़ी निगरानी रख रही है, क्योंकि इस मामले को लेकर कई भड़काऊ पोस्ट सामने आ रहे हैं। पुलिस ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और शांति बनाए रखने की अपील की है।