लखनऊ : उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में सियासी घमासान तेज हो गया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की पदयात्रा को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा मुख्यालय में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अखिलेश यादव ने दावा किया कि पदयात्रा में शामिल की गई कई महिलाओं को यह तक नहीं बताया गया था कि उन्हें किस उद्देश्य से बुलाया गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि महिलाओं को जबरन लाया गया और उन्हें ठीक से सुविधाएं भी नहीं दी गईं। अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि लखनऊ आईं महिलाएं इस बात को लेकर परेशान थीं कि उनके ठहरने का इंतजाम कौन करेगा। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उन्हें खराब खाना परोसा गया।
अजीज कुरैशी को दी श्रद्धांजलि
इससे पहले अखिलेश यादव ने पूर्व राज्यपाल अजीज कुरैशी की जयंती पर उन्हें याद करते हुए श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि कुरैशी का योगदान समाज के लिए हमेशा याद रखा जाएगा और वे गंगा-जमुनी तहजीब के बड़े समर्थक थे।
कानून-व्यवस्था और सरकार पर भी निशाना
प्रेस वार्ता के दौरान अखिलेश यादव ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने गाजीपुर और हाथरस जैसे मामलों का जिक्र करते हुए आरोप लगाया कि सरकार संवेदनशील मुद्दों पर भी गंभीर नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने मीडिया पर भी टिप्पणी करते हुए कहा कि पिछले कुछ वर्षों में कुछ चैनलों को भारी फंडिंग मिली है। फिलहाल, इन आरोपों पर भारतीय जनता पार्टी की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। हालांकि, इस बयानबाजी के बाद प्रदेश की राजनीति में एक बार फिर गर्माहट बढ़ गई है।