उत्तर प्रदेश के मऊ सदर से विधायक रहे दिवंगत बाहुबली नेता मुख्तार अंसारी के जन्मदिन के अवसर पर उनके बेटे और वर्तमान विधायक अब्बास अंसारी ने एक भावुक संदेश साझा किया है। रविवार (25 जनवरी 2026) को अब्बास अंसारी ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पिता को याद करते हुए एक पोस्ट लिखी, जिसमें उन्होंने मुख्तार अंसारी को शहीद बताया। यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और समर्थक भावुक प्रतिक्रियाएँ दे रहे हैं।
गौरतलब है कि अब्बास अंसारी को हाल ही में सुप्रीम कोर्ट से नियमित जमानत मिली है। इससे पहले उनकी विधायकी समाप्त कर दी गई थी, लेकिन जमानत के बाद उनकी सदस्यता फिर से बहाल हो गई। जमानत मिलने के बाद से वह मीडिया से दूरी बनाए हुए थे, ऐसे में पिता के जन्मदिन पर सामने आई यह पोस्ट उनकी भावनात्मक चुप्पी तोड़ती नजर आई।
भावुक पोस्ट में छलका दर्द
अपने पिता की याद में अब्बास अंसारी ने लिखा कि भले ही आज वह लोगों के बीच खड़े हैं, लेकिन भीतर गहरी खामोशी है। उन्होंने कहा कि उनके पिता भले ही इस दुनिया में नहीं हैं, लेकिन उनकी मोहब्बत, दुआएँ और दी हुई तालीम हर कदम पर साथ हैं। पोस्ट में उन्होंने लिखा कि पिता उनकी जिंदगी की वह रौशनी हैं, जिसने मुश्किल हालात में भी सही रास्ता दिखाया। आज उनकी आंखें नम हैं और दिल बेचैन है। उन्होंने यह भी लिखा कि काश एक बार फिर पिता का सहारा और वह तसल्ली भरे शब्द सुनने को मिल जाते — “फिक्र मत करो, मैं हूँ ना बेटा।”
पोस्ट के अंत में अब्बास अंसारी ने अल्लाह से अपने पिता के लिए जन्नत-उल-फिरदौस में ऊँचा मकाम अता करने और परिवार को सब्र देने की दुआ की। उन्होंने कुरान की आयत का हवाला देते हुए कहा कि शहीद कभी मरते नहीं, इसलिए पिता के जन्मदिन पर उन्होंने उन्हें दिली मुबारकबाद दी।
मुख्तार अंसारी का राजनीतिक सफर
मुख्तार अंसारी ने 1996 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर मऊ सदर से विधानसभा चुनाव जीतकर राजनीतिक करियर की शुरुआत की थी। इसके बाद 2002 और 2007 में उन्होंने निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर जीत दर्ज की। बाद में उन्होंने अपनी पार्टी कौमी एकता दल का गठन किया और 2012 व 2017 में फिर से विधायक बने। कई आपराधिक मामलों और गैंगस्टर एक्ट के तहत लंबे समय से जेल में बंद मुख्तार अंसारी का 28 मार्च 2024 को जेल में हार्ट अटैक से निधन हो गया था। वर्तमान में मऊ सदर सीट से उनके बेटे अब्बास अंसारी विधायक हैं।