लखनऊ| समाजवादी पार्टी संस्थापक Mulayam Singh Yadav के छोटे बेटे और Aparna Yadav के पति Prateek Yadav के निधन से राजनीतिक गलियारों में शोक का माहौल है। बुधवार सुबह उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
प्रतीक यादव के निधन पर समाजवादी पार्टी अध्यक्ष Akhilesh Yadav, मुख्यमंत्री Yogi Adityanath समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। इस बीच उनकी मौत को लेकर कई तरह की चर्चाएं भी सामने आ रही हैं।
तबीयत बिगड़ने पर बुलाया गया डॉक्टर
पुलिस सूत्रों के अनुसार, देर रात प्रतीक यादव की तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। बताया जा रहा है कि उन्होंने घर में मौजूद एक सहायक से पैरों में तेल की मालिश करवाई थी। बाद में हालत और खराब होने पर डॉक्टर को बुलाया गया। इसके बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों के मुताबिक तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूत्रों का यह भी दावा है कि प्रतीक यादव के नाखूनों का रंग नीला पड़ गया था। हालांकि, मौत की असली वजह को लेकर अभी कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
किचन में अचेत मिले थे प्रतीक
जानकारी के मुताबिक, बुधवार तड़के करीब चार बजे प्रतीक यादव अपने घर के किचन में अचेत अवस्था में मिले थे। इसके बाद सुबह करीब छह बजे उन्हें लखनऊ के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल King George’s Medical University में उनके शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।
स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की भी चर्चा
सूत्रों के हवाले से यह भी जानकारी सामने आई है कि प्रतीक यादव पिछले कुछ वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रहे थे। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि उनका इलाज मानसिक तनाव और अवसाद से जुड़ी समस्याओं के लिए भी चल रहा था। हालांकि, परिवार की ओर से इस बारे में कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।