संभल। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में शुक्रवार को प्रशासन का बड़ा बुलडोजर एक्शन देखने को मिला। सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त कराने के अभियान के तहत एक मस्जिद की 35 फीट ऊंची मीनार को गिरा दिया गया। इसके बाद मस्जिद के अन्य हिस्सों और आसपास बनी दुकानों को भी ध्वस्त कर दिया गया। जानकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई मुबारकपुर बंद गांव में की गई, जहां सरकारी जमीन पर बने मस्जिद और मदरसे को हटाया गया। प्रशासन का कहना है कि यह जमीन रिकॉर्ड में खेल का मैदान और खाद के गड्ढों के लिए दर्ज थी।
हाइड्रा मशीनों से गिराई गई मीनार
मस्जिद की ऊंची मीनार को गिराने के लिए प्रशासन ने दो हाइड्रा मशीनों का इस्तेमाल किया। कार्रवाई के दौरान एक मजदूर मीनार पर चढ़ा और वहां रस्सी बांधी गई। रस्सी के दूसरे छोर को दोनों मशीनों से जोड़कर खींचा गया, जिससे मीनार ढह गई। इस पूरी कार्रवाई का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।इससे पहले सुबह करीब साढ़े 9 बजे से दोपहर 1 बजे तक मस्जिद के बाहर बनी पांच दुकानों को भी तोड़ा गया। इस दौरान जिला मजिस्ट्रेट राजेंद्र पेंसिया और पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार मौके पर मौजूद रहे। प्रशासन की निगरानी में पूरे इलाके में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे।
15 साल पहले हुआ था निर्माण
प्रशासन के अनुसार, करीब 15 साल पहले इस सरकारी जमीन पर मस्जिद का निर्माण किया गया था। बताया जा रहा है कि 5 अप्रैल को भी इस पर कार्रवाई की कोशिश हुई थी, लेकिन उस समय बुलडोजर चालक ने मीनार गिराने से मना कर दिया था। उसका कहना था कि मीनार बुलडोजर पर गिर सकती है, जिससे खतरा हो सकता है।उस दौरान मदरसा, मस्जिद का गेट और कुछ दुकानों को आंशिक रूप से तोड़ा गया था। बचा हुआ हिस्सा शुक्रवार को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। नायब तहसीलदार ने बताया कि जिले में लैंड बैंक तैयार किया जा रहा है और इसी के तहत सभी अवैध कब्जों को हटाया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद इलाके में हलचल बढ़ गई है और प्रशासन की सख्ती को लेकर चर्चा तेज हो गई है।