लखनऊ। मदर्स डे के खास मौके पर देशभर में मां के सम्मान में कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इस बीच उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath ने भी अपनी मां के साथ भावुक तस्वीर साझा कर मातृ दिवस की शुभकामनाएं दीं।
सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक तस्वीर पोस्ट की, जिसमें वह अपनी मां के चरण स्पर्श करते नजर आ रहे हैं। तस्वीर में उनकी मां बेटे को आशीर्वाद देती दिखाई दे रही हैं। इस भावुक पल को साझा करते हुए मुख्यमंत्री ने मां को ममता, त्याग, करुणा और निस्वार्थ प्रेम की जीवंत मिसाल बताया।
उन्होंने अपने संदेश में लिखा कि मां का स्नेह और आशीर्वाद इंसान के जीवन की सबसे बड़ी ताकत होता है। यही संस्कार और प्रेरणा हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने का साहस देती है। मुख्यमंत्री ने देश की सभी माताओं को मातृ दिवस की शुभकामनाएं भी दीं।
वहीं, Rekha Gupta ने भी मदर्स डे पर देशवासियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि मां केवल एक रिश्ता नहीं, बल्कि प्रेम, त्याग, संस्कार और संवेदनाओं की सबसे मजबूत नींव होती हैं।
दिल्ली की मुख्यमंत्री ने अपने संदेश में कहा कि मातृशक्ति समाज और संस्कृति को मजबूत बनाने में सबसे अहम भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी माताओं के धैर्य, समर्पण और स्नेह को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताया और मातृ दिवस पर शुभकामनाएं दीं।