लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव आयोग ने मंगलवार को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है. विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण (SSR) अभियान के तहत जारी इस सूची में पिछले सात महीनों के दौरान करीब 18.84 लाख नए मतदाता जुड़े हैं. इसके साथ ही प्रदेश में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 13 करोड़ 58 लाख 68 हजार 905 हो गई है. मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मतदाता सूची से जुड़े आंकड़े साझा किए.
यूपी में 13.58 करोड़ हुए कुल मतदाता
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक, नई ड्राफ्ट मतदाता सूची में 7 करोड़ 38 लाख 58 हजार 510 पुरुष और 6 करोड़ 20 लाख 6 हजार 353 महिला मतदाता शामिल हैं. वहीं, तृतीय लिंग के 4,042 मतदाता भी सूची में दर्ज हैं. 10 अप्रैल 2026 को प्रकाशित पिछली अंतिम मतदाता सूची में प्रदेश में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता थे. इस लिहाज से करीब सात महीने में मतदाताओं की संख्या में 18 लाख 84 हजार 113 की बढ़ोतरी हुई है.
11.83 लाख युवा मतदाता पहली बार डालेंगे वोट
ड्राफ्ट मतदाता सूची में 18 से 19 वर्ष की आयु के 11 लाख 83 हजार 352 युवा मतदाता शामिल किए गए हैं. ये युवा आगामी चुनावों में पहली बार अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकेंगे. चुनाव आयोग का प्रयास है कि प्रदेश का कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे.
16 दिसंबर तक दर्ज करा सकेंगे दावे और आपत्तियां
ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद अब मतदाताओं को अपने नाम और अन्य जानकारियों की जांच करने का मौका दिया गया है. अगर किसी पात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल नहीं है या दर्ज विवरण में कोई गलती है तो वह 17 नवंबर से 16 दिसंबर 2026 तक दावा और आपत्ति दर्ज करा सकता है.
इसके लिए अलग-अलग फॉर्म निर्धारित किए गए हैं.
- फॉर्म-6: मतदाता सूची में नया नाम जुड़वाने के लिए.
- फॉर्म-7: किसी नाम को हटाने के लिए आपत्ति दर्ज कराने के लिए.
- फॉर्म-8: नाम, पता और अन्य विवरण में संशोधन कराने के लिए.
कब जारी होगी यूपी की फाइनल वोटर लिस्ट?
निर्वाचन आयोग की ओर से जारी कार्यक्रम के मुताबिक, ड्राफ्ट मतदाता सूची पर प्राप्त दावों और आपत्तियों का निस्तारण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा. इसके बाद 4 जनवरी 2027 को उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी.
बूथों पर भी उपलब्ध रहेगी ड्राफ्ट वोटर लिस्ट
प्रदेश के सभी 75 जिलों की 403 विधानसभा सीटों के लिए जारी ड्राफ्ट मतदाता सूची 1,73,730 मतदान केंद्रों पर उपलब्ध रहेगी. मतदाता अपने बूथ पर जाकर बीएलओ से सूची में अपना नाम जांच सकते हैं. इसके अलावा संबंधित जिला निर्वाचन अधिकारी की आधिकारिक वेबसाइट पर भी मतदाता सूची देखी जा सकेगी.
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव को देखते हुए मतदाता सूची का यह पुनरीक्षण काफी अहम माना जा रहा है. अब सभी राजनीतिक दलों की नजरें इस बात पर रहेंगी कि दावे और आपत्तियों की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अंतिम सूची में मतदाताओं की संख्या कितनी रहती है.