उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिनवा ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (SIR) 2026 के तहत अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी। 166 दिनों तक चले इस व्यापक अभियान के बाद राज्य में कुल 13 करोड़ 39 लाख 84 हजार 792 मतदाता दर्ज किए गए हैं। इस दौरान 84 लाख 28 हजार 767 नए मतदाताओं का इजाफा हुआ है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी के अनुसार, 27 अक्टूबर 2025 से 10 अप्रैल 2026 तक चले इस अभियान में 1.77 लाख से अधिक बूथ लेवल अधिकारी (BLO) सक्रिय रूप से जुड़े रहे। पूरे अभियान में लगभग 3 करोड़ 26 लाख मतदाताओं को नोटिस जारी किए गए।
इस प्रक्रिया को सफल बनाने में राज्य के 75 जिलों के जिला निर्वाचन अधिकारियों, 403 निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 12,758 सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों, 18,026 BLO सुपरवाइजर और 1,77,516 बूथ लेवल अधिकारियों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसके अलावा, मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के 5 लाख 82 हजार 877 बूथ लेवल एजेंटों और बड़ी संख्या में मतदाताओं का भी सहयोग रहा।मतदाता संख्या में सबसे अधिक वृद्धि प्रयागराज, मऊ, बरेली, गाजियाबाद और जौनपुर में दर्ज की गई है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि जिन लोगों का नाम अब भी सूची में शामिल नहीं है, वे फॉर्म-6 भरकर आवेदन कर सकते हैं। इसके लिए मतदाता आधिकारिक वेबसाइट voters.eci.gov.in पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। अंतिम मतदाता सूची voters.eci.gov.in और उत्तर प्रदेश निर्वाचन आयोग की वेबसाइट ceouttarpradesh.nic.in पर देखी जा सकती है। गौरतलब है कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण-2026 का ड्राफ्ट 6 जनवरी 2026 को जारी किया गया था, जिसके बाद 166 दिनों तक चले अभियान के पश्चात अंतिम सूची प्रकाशित की गई। इस अवसर पर नवदीप रिनवा ने सभी अधिकारियों, राजनीतिक दलों और मतदाताओं का आभार जताया।