गाजियाबाद। गाजियाबाद से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां थाना टीला मोड़ क्षेत्र में चार वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी को पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया। आरोपी की पहचान मोहम्मद जसीम उर्फ छोटू के रूप में हुई, जिस पर ₹50,000 का इनाम घोषित था। पुलिस के अनुसार, यह घटना 11 तारीख को हुई थी, जब बच्ची के साथ दरिंदगी के बाद उसकी हत्या कर शव को फेंक दिया गया था। जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपी बच्ची का ही रिश्तेदार (मामा) था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
गुरुवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी टीला मोड़ इलाके में अपने साथियों के साथ देखा गया है। सूचना मिलते ही एडीसीपी क्राइम पीयूष सिंह और एसीपी क्राइम के नेतृत्व में स्वाट टीम को सक्रिय किया गया और इलाके में घेराबंदी की गई। बंथला नहर कट के पास पुलिस ने आरोपी को रोकने की कोशिश की, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें जसीम गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दौरान मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए भर्ती कराया गया है।पुलिस ने मौके से हथियार, कारतूस और एक बाइक बरामद की है। वहीं, आरोपी के दो साथी मौके से फरार हो गए, जिनकी तलाश जारी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि फरार आरोपियों की इस वारदात में क्या भूमिका थी।
प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी का आपराधिक इतिहास मुजफ्फरनगर से जुड़ा हुआ है, जिसकी भी पड़ताल की जा रही है। पुलिस ने इस कार्रवाई के लिए टीम को ₹50,000 का इनाम देने की घोषणा की है।