लखनऊ। उत्तर प्रदेश क्रिकेट जगत से जुड़ी बड़ी खबर सामने आई है। UP T20 लीग के चौथे सीजन की मेजबानी अब कानपुर से छिन गई है। टूर्नामेंट के सभी मैच लखनऊ स्थित इकाना इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में कराए जाएंगे। यह टूर्नामेंट 14 अगस्त से शुरू होना प्रस्तावित है। इस फैसले से कानपुर के क्रिकेट प्रेमियों को बड़ा झटका लगा है, क्योंकि हाल ही में ग्रीन पार्क में पूरे टूर्नामेंट के आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू की गई थीं और आधिकारिक स्तर पर इसकी घोषणा भी की गई थी।
दिल्ली में हुई यूपीसीए बैठक में लिया गया फैसला
सूत्रों के मुताबिक, उत्तर प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन (UPCA) की दिल्ली में हुई उच्च स्तरीय बैठक में टूर्नामेंट को लखनऊ शिफ्ट करने पर सहमति बनी। यूपीसीए सचिव प्रेम मनोहर गुप्ता ने भी इस निर्णय की पुष्टि करते हुए कहा कि जल्द ही इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी। हालांकि अंतिम स्वीकृति बाकी है, लेकिन टूर्नामेंट के इकाना स्टेडियम में होने की संभावना लगभग तय मानी जा रही है।
ग्रीन पार्क की खराब स्थिति बनी वजह
बताया जा रहा है कि ग्रीन पार्क स्टेडियम की मौजूदा स्थिति यूपीसीए की चिंता का बड़ा कारण बनी। स्टेडियम के कई हिस्सों में लंबे समय से मरम्मत की जरूरत महसूस की जा रही थी। खासतौर पर सी-बालकनी और दर्शक दीर्घाओं की हालत को लेकर लगातार सवाल उठते रहे हैं। इसके अलावा स्टेडियम का ड्रेनेज सिस्टम भी कमजोर माना जा रहा है। अगस्त और सितंबर में मानसून के दौरान हल्की बारिश में भी मैदान पर पानी जमा होने की आशंका रहती है, जिससे मैच प्रभावित हो सकते हैं। ऐसे में यूपीसीए किसी भी तरह का जोखिम लेने के पक्ष में नहीं था।
बढ़ी हुई फीस पर भी हुआ विवाद
ग्रीन पार्क की मेजबानी छिनने के पीछे एक और बड़ी वजह स्टेडियम उपयोग शुल्क को भी माना जा रहा है। सूत्रों के अनुसार, खेल विभाग ने स्टेडियम किराए के रूप में करीब पांच करोड़ रुपये की मांग की थी। इसके अलावा नए शासनादेश के तहत प्रति मैच लगभग ढाई लाख रुपये अतिरिक्त शुल्क तय किया गया। इतनी अधिक लागत को लेकर यूपीसीए ने आपत्ति जताई थी और इसके बाद वैकल्पिक स्थल पर विचार शुरू हुआ।
फैंस में नाराजगी, सरकार से सुधार की मांग
कुछ दिन पहले तक ग्रीन पार्क में टूर्नामेंट होने की खबर से क्रिकेट प्रेमियों में उत्साह था, लेकिन अब मेजबानी बदलने के फैसले से नाराजगी देखने को मिल रही है। स्थानीय क्रिकेट फैंस का कहना है कि अगर समय रहते स्टेडियम के आधुनिकीकरण और मरम्मत पर ध्यान दिया गया होता, तो कानपुर से इतना बड़ा आयोजन नहीं जाता।
अब क्रिकेट प्रेमी सरकार से ग्रीन पार्क स्टेडियम के लिए जल्द बजट जारी करने और आधुनिक सुविधाएं विकसित करने की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि कानपुर लंबे समय से प्रदेश के प्रमुख क्रिकेट केंद्र के रूप में पहचान रखता है और भविष्य में बड़े टूर्नामेंटों की मेजबानी बनाए रखने के लिए स्टेडियम का उन्नयन बेहद जरूरी है। अब UP T20 लीग के सभी मुकाबले लखनऊ के आधुनिक इकाना स्टेडियम में खेले जाएंगे। ऐसे में कानपुर के दर्शकों को अपने शहर में लाइव क्रिकेट देखने का मौका नहीं मिल पाएगा।