लखनऊ। लखनऊ के अलीगंज स्थित पुरनिया इलाके में सोमवार को हुए भीषण अग्निकांड ने कई परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। इस दर्दनाक हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई। इन्हीं में एक ऐसी प्रेम कहानी भी खत्म हो गई, जिसकी शादी की तैयारियां चल रही थीं।
कोलकाता की रहने वाली 30 वर्षीय अनामिका सामंत और 27 वर्षीय नीलेश कुमार एक एनीमेशन सेंटर में साथ काम करते थे। काम के दौरान हुई मुलाकात धीरे-धीरे दोस्ती और फिर प्यार में बदल गई। दोनों ने साथ जीवन बिताने का फैसला कर लिया था और परिवारों ने भी इस रिश्ते को मंजूरी दे दी थी।
जानकारी के मुताबिक, दोनों का रोका भी हो चुका था और जल्द ही शादी की तारीख तय होने वाली थी। अनामिका के माता-पिता हाल ही में लखनऊ आए थे, जहां दोनों परिवारों की मुलाकात भी हुई थी। आगे की शादी की तैयारियों को लेकर बातचीत चल रही थी और अगले हफ्ते नीलेश का परिवार पश्चिम बंगाल जाने वाला था।
लेकिन इसी बीच हुए भीषण अग्निकांड ने सबकुछ बदल दिया। जिस घर में शादी की शहनाइयों की तैयारी हो रही थी, वहां अब मातम पसरा है। नीलेश, जो अपने परिवार के जिम्मेदार बेटे थे, उनकी मौत से घर टूट गया है।
इसी हादसे में अनामिका की चचेरी बहन सोमिल्या की भी जान चली गई, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। यह अग्निकांड सिर्फ एक हादसा नहीं रहा, बल्कि कई सपनों और रिश्तों का दर्दनाक अंत बन गया।