कौशांबी| उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में हुए जोरदार विस्फोट से हड़कंप मच गया। हादसा पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर में हुआ। विस्फोट के बाद फैक्ट्री में आग लग गई और आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक हादसे में 7 लोगों की मौत हुई है, जबकि कई अन्य लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर ले जाया गया है। गंभीर रूप से घायल एक महिला को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन की टीमें मौके पर राहत और बचाव कार्य में जुटी हैं।
मौके पर पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें
धमाके की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सर्किल ऑफिसर शिवांग सिंह के साथ बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को घटनास्थल पर तैनात किया गया है। आग पर काबू पाने और मलबे में फंसे लोगों को बाहर निकालने के लिए फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। कौशांबी के जिलाधिकारी अमित पाल शर्मा ने बताया कि एंबुलेंस के साथ दमकल की गाड़ियां भी घटनास्थल पर भेजी गई हैं। राहत और बचाव अभियान लगातार जारी है। शुरुआती कार्रवाई में करीब पांच लोगों को बाहर निकाला गया, जिनमें से कुछ को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया है।
तीन घरों के जलने की आशंका
प्रशासन के मुताबिक, शुरुआती जांच में आसपास के करीब तीन घरों के आग की चपेट में आने की बात सामने आई है। घटना के बाद कौशांबी और प्रयागराज दोनों जिलों की टीमें मौके पर पहुंचकर राहत कार्य में जुटी हैं। अधिकारी यह पता लगाने में जुटे हैं कि फैक्ट्री में विस्फोट किस वजह से हुआ और हादसे के वक्त वहां कितने लोग मौजूद थे। घटना की विस्तृत जांच के बाद ही धमाके की सही वजह सामने आने की उम्मीद है।
सीएम योगी ने लिया हादसे का संज्ञान
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए हादसे का संज्ञान लिया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और अधिकारियों को राहत एवं बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने घायलों को बेहतर से बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता देने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की है।