उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी (सुभासपा) के अध्यक्ष ओपी राजभर ने कहा कि कन्नौज लोकसभा क्षेत्र में विकास कार्य केवल कुछ विशेष इलाकों तक सीमित रहे, जबकि गैर-यादव पिछड़े वर्ग और दलित समुदायों की लगातार उपेक्षा की गई। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास का लाभ सभी वर्गों तक समान रूप से नहीं पहुंचा।
सोशल मीडिया पर भी तीखा वार
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए राजभर ने अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला। उन्होंने लिखा कि सांसद निधि के खर्च को लेकर कन्नौज में जो स्थिति सामने आई है, वह पूरे देश में चर्चा का विषय बन गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि विकास कार्यों में कुछ ही समुदायों को प्राथमिकता दी गई, जबकि कई अन्य पिछड़े वर्गों को नजरअंदाज किया गया।
‘ओबीसी के साथ अन्याय’ का आरोप
मंत्री ने आगे कहा कि समाजवादी पार्टी पर लंबे समय से ओबीसी आरक्षण के गलत उपयोग के आरोप लगते रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि गैर-यादव पिछड़े वर्गों को उचित हिस्सेदारी नहीं मिली और वे लगातार हाशिए पर रहे। राजभर ने कहा कि उनके समुदाय समेत कई अति पिछड़े वर्गों के लोग आज भी कठिन परिस्थितियों में जीवन जीने को मजबूर हैं।
‘गुंडई और धमकी की राजनीति’ पर भी हमला
ओमप्रकाश राजभर ने सपा पर गुंडागर्दी और दबंगई को बढ़ावा देने का भी आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कई क्षेत्रों में गैर-यादव ओबीसी और दलित समुदाय के लोगों को दबाव और धमकी का सामना करना पड़ता है। उन्होंने यह भी कहा कि वे किसी भी स्थिति में अपने समाज के अधिकारों के लिए लड़ते रहेंगे और दबाव में नहीं आएंगे। राजभर के इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर हलचल तेज हो गई है। दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का यह सिलसिला आने वाले दिनों में और गरमा सकता है।