कानपुर| कल्याणपुर के रतन आर्बिट अपार्टमेंट में शनिवार रात दवा कारोबारी विनीत मिनोचा की हत्या से सनसनी फैल गई। परिवार के लोग देर रात घर लौटे तो बेडरूम में उनका शव मिला। घटना की जांच के दौरान सामने आए CCTV फुटेज में दो युवक फ्लैट में दाखिल होते और कुछ देर बाद बाहर निकलते नजर आए। फुटेज के आधार पर पुलिस ने कारोबारी के पूर्व नौकर विशाल गौतम और उसके साथी राजकिशोर को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, दोनों आरोपियों को रविवार देर शाम मुठभेड़ के बाद पकड़ा गया। एसीपी कल्याणपुर दिलीप सिंह ने बताया कि शुरुआती पूछताछ में विशाल ने रुपये के लालच में हत्या करने की बात कही है। पुलिस का यह भी कहना है कि पूछताछ में कारोबारी की बहू से जुड़ा एक एंगल सामने आया है, जिसकी अब जांच की जा रही है।
CCTV से खुला राज, चाबी से फ्लैट में घुसे थे आरोपी
पुलिस के अनुसार, विनीत मिनोचा करीब 45 वर्षों से दवा कारोबार से जुड़े थे और रतन आर्बिट के भूतल स्थित फ्लैट में परिवार के साथ रहते थे। शनिवार रात करीब 9:38 बजे उनका बेटा सुब्रत, बहू शालू और छह वर्षीय पोता एक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए घर से निकले थे। CCTV फुटेज में रात करीब 10:58 बजे विनीत के दुकान से लौटकर फ्लैट पहुंचने की जानकारी सामने आई। वहीं, इससे पहले रात करीब 9:46 बजे दो युवक फ्लैट में दाखिल होते दिखाई दिए। करीब 11:28 बजे दोनों बाहर निकल गए। जांच में उनकी पहचान विशाल गौतम और राजकिशोर के रूप में हुई।
पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने कथित तौर पर डुप्लीकेट चाबी के जरिए फ्लैट का सेंट्रल लॉक खोला था। CCTV में भी दोनों के चाबी से दरवाजा खोलकर अंदर जाने की बात सामने आई है। अपार्टमेंट के लोगों ने किसी तरह की तोड़फोड़ या शोर सुनाई देने की जानकारी नहीं दी है। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि विशाल पहले विनीत के यहां काम कर चुका था। कुछ समय बाद उसे नौकरी से हटा दिया गया था, जिसके कारण उसके नाराज होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस के अनुसार विनीत जरूरत पड़ने पर उसे काम के लिए बुला लेते थे।
पूछताछ के दौरान विशाल के बयानों से पुलिस को हत्या के पीछे की पूरी वजह को लेकर कुछ नए सवाल भी मिले हैं। अब पुलिस कारोबारी की बहू से पूछताछ की तैयारी कर रही है। पुलिस का कहना है कि मामले में सभी संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में कारोबारी के शरीर पर चाकू से हमले के निशान मिलने की बात सामने आई है। फिलहाल पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और हत्या की साजिश में किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका की भी जांच की जा रही है।