कौशांबी: उत्तर प्रदेश के कौशांबी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस ने मुठभेड़ के बाद हादसे के मुख्य आरोपी बताए जा रहे नौशाद को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पटाखा फैक्ट्री में हुए इस हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई है। पुलिस ने मामले में फैक्ट्री मालिक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे में जान गंवाने वालों के परिजनों के लिए मुआवजे का ऐलान किया है।
शहर छोड़कर भागने की फिराक में था आरोपी
सीओ शिवांक सिंह के मुताबिक, मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें लगाई गई थीं। मंगलवार तड़के करीब चार बजे पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि घटना का मुख्य आरोपी शहर से बाहर निकलने की कोशिश कर रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने बताए गए स्थान पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि आरोपी को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन उसने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली
पुलिस के अनुसार, फायरिंग के बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसी दौरान नौशाद के पैर में गोली लगी और उसे मौके से पकड़ लिया गया। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है। सीओ शिवांक सिंह ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने अपना नाम नौशाद बताया है। पुलिस अब उससे पूछताछ कर रही है और मामले में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दी जा रही है।
मालिक समेत छह लोगों पर केस
कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर में सोमवार को पटाखा फैक्ट्री में आग लगने के बाद जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में कई लोग घायल हुए थे। उपचार के दौरान मृतकों की संख्या बढ़कर 11 हो गई। पुलिस ने मामले में फैक्ट्री मालिक समेत छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। जांच एजेंसियां हादसे की वजह और फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों के पालन समेत सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही हैं।
सीएम योगी ने मुआवजे का किया ऐलान
हादसे का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संज्ञान लिया है। सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को मुआवजा देने का ऐलान किया गया है। अधिकारियों को घायलों के समुचित इलाज और प्रभावित परिवारों को हर संभव मदद उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। फिलहाल पुलिस की कार्रवाई जारी है और फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।