गाजियाबाद: उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद में पुलिस चौकी के अंदर हुए जोरदार धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. इंदिरापुरम थाना क्षेत्र की वसुंधरा पुलिस चौकी में शुक्रवार रात अचानक विस्फोट हुआ. धमाका इतना तेज था कि चौकी की खिड़कियों के शीशे टूट गए और एसी को भी नुकसान पहुंचा. घटना के दौरान वहां मौजूद 20 वर्षीय फूड डिलीवरी कर्मचारी विशाल कांच लगने से घायल हो गया. उसे इलाज के लिए दिल्ली के सूर्य नगर स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
रात 9 से 9:30 बजे के बीच हुआ धमाका
धमाके की घटना शुक्रवार रात करीब 9 से 9:30 बजे के बीच हुई. उस समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और डिलीवरी कर्मचारी मौजूद थे. बताया गया है कि विशाल किसी सामान की डिलीवरी करने चौकी पहुंचा था. इसी दौरान हुए धमाके से खिड़कियों के शीशे टूट गए और उनके टुकड़े लगने से वह घायल हो गया.
इंदिरापुरम के ACP सूर्यबली मौर्य ने बताया कि धमाका किस वजह से हुआ, इसकी पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगी. उनके मुताबिक, घटना के समय चौकी में एक सब-इंस्पेक्टर और सामान पहुंचाने आया डिलीवरी कर्मचारी मौजूद था. टूटे हुए कांच की चपेट में आने से कर्मचारी को चोट आई है. फिलहाल मामले में अन्य जानकारियों का इंतजार किया जा रहा है.
फायर ब्रिगेड, फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ता पहुंचा
धमाके की सूचना मिलते ही सबसे पहले दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची. इसके बाद फॉरेंसिक टीम और बम निरोधक दस्ते ने घटनास्थल का निरीक्षण किया. टीमों ने चौकी परिसर की जांच कर जरूरी साक्ष्य जुटाए. धमाके की वजह का पता लगाने के लिए अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है.
एलिवेटेड रोड से विस्फोटक फेंके जाने की आशंका
वसुंधरा पुलिस चौकी एलिवेटेड रोड के नीचे स्थित है. पुलिस सूत्रों के हवाले से आशंका जताई जा रही है कि सड़क के ऊपर से कोई विस्फोटक वस्तु चौकी की ओर फेंकी गई हो सकती है. हालांकि, अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. पुलिस एलिवेटेड रोड पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि घटना से जुड़ी किसी संदिग्ध गतिविधि का पता लगाया जा सके.
पटाखों से धमाके की भी चर्चा, पुलिस ने किया इनकार
घटना के बाद स्थानीय लोगों के बीच धमाके की वजह को लेकर एक और चर्चा सामने आई है. आसपास के निवासियों और वहां से गुजरने वाले लोगों का दावा है कि चौकी के पास एलिवेटेड रोड का एक कंट्रोल रूम है, जो फिलहाल बंद रहता है. लोगों के मुताबिक, पुलिसकर्मी अक्सर इस कमरे में बैठते हैं और यहां जब्त किए गए अवैध पटाखे भी रखे जाते थे. स्थानीय लोगों ने आशंका जताई कि धमाका इसी कमरे में रखे पटाखों की वजह से हुआ हो सकता है.