राम मंदिर चढ़ावा गबन मामले को लेकर राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग (NCBC) की अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री साध्वी निरंजन ज्योति ने अपनी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम से राम भक्तों और श्रद्धालुओं की भावनाओं को ठेस पहुंची है, लेकिन जिस तरह से मामले में लगातार गिरफ्तारियां हो रही हैं, उससे साफ है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ रही है।
समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि राम मंदिर आंदोलन से जुड़े लोगों ने वर्षों तक संघर्ष और सेवा की है। ऐसे में मंदिर से जुड़े किसी भी विवाद से स्वाभाविक रूप से लोगों को पीड़ा पहुंचती है। उन्होंने कहा कि जिन्होंने भी गलत किया है, उनके खिलाफ सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सख्त कार्रवाई करेंगे। उन्होंने कहा, “राम भक्त और श्रद्धालु इस मामले से दुखी हैं। हमने मंदिर निर्माण के लिए वर्षों तक संघर्ष किया है। ऐसे में इस तरह की घटना सामने आना बेहद दुखद है। लेकिन जिस तेजी से कार्रवाई हुई और कई लोगों की गिरफ्तारी हुई है, उससे लगता है कि जांच गंभीरता से की जा रही है।”
जांच प्रक्रिया पर भरोसा जताते हुए साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा कि अभी जांच जारी है और सभी लोगों को इसमें सहयोग करना चाहिए। उन्होंने कहा कि ट्रस्ट ने जिन लोगों पर भरोसा किया था, वही लोग अगर भरोसा तोड़ते हैं तो यह और भी गंभीर मामला बन जाता है। चंपत राय के इस्तीफे को लेकर चल रही चर्चाओं पर उन्होंने कहा कि जांच एजेंसियां अपना काम कर रही हैं और तथ्यों के आधार पर कार्रवाई हो रही है। उन्होंने कहा कि इस पूरे मामले में जल्दबाजी में निष्कर्ष निकालने के बजाय जांच पूरी होने का इंतजार किया जाना चाहिए।
साध्वी निरंजन ज्योति ने कहा, “500 साल के लंबे संघर्ष के बाद राम मंदिर का निर्माण हुआ है। ऐसे में इस तरह का मामला सामने आना बेहद पीड़ादायक है। यह बिल्कुल स्वीकार्य नहीं है।” समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव की ओर से उठाए गए सवालों पर प्रतिक्रिया देते हुए उन्होंने कहा कि राजनीतिक दल अपने नजरिए से बयान देते हैं, लेकिन इस समय सबसे जरूरी निष्पक्ष और प्रभावी जांच है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान अनावश्यक बयानबाजी से बचना चाहिए।
वहीं कमर्शियल सिलेंडर की कीमतों में कमी को लेकर उन्होंने केंद्र सरकार की सराहना की। उन्होंने कहा कि वैश्विक संकट, कोरोना महामारी और अंतरराष्ट्रीय तनाव के बावजूद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में जरूरी चीजों की कमी नहीं होने दी गई और आम लोगों को राहत पहुंचाने का प्रयास लगातार जारी है।