अयोध्या के राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर उत्तर प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना के एक बयान के बाद राजनीतिक विवाद गहरा गया है। उनके बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद कांग्रेस ने सरकार पर निशाना साधा है।
सतीश महाना ने मीडिया से बातचीत के दौरान कहा, “जिनका पैसा चोरी हुआ, शायद उन्होंने सच्ची श्रद्धा और आस्था से दान नहीं किया। हमने पूरी श्रद्धा और आस्था से दान किया था, हमारा पैसा मंदिर में लगा है। महाना के इस बयान के बाद कांग्रेस नेता दीपक सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विधानसभा अध्यक्ष के बयान से यह स्वीकार किया गया है कि राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी हुई है।
दीपक सिंह ने कहा, “अब तो विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी मान लिया है कि श्रीराम मंदिर में चंदा चोरी हुई है। वे सौभाग्यशाली हैं कि उनके दान की रकम चोरी नहीं हुई, लेकिन उनका पद बेहद महत्वपूर्ण है और उनके बयान को गंभीरता से लिया जाना चाहिए।
कांग्रेस नेता ने आगे मांग की कि मामले में दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार को इस प्रकरण में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानून के अनुसार कार्रवाई करनी चाहिए। साथ ही उन्होंने चंपत राय का नाम लेते हुए आरोप लगाया कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और यदि किसी की भूमिका सामने आती है तो उसके खिलाफ भी कानूनी कार्रवाई की जानी चाहिए। गौरतलब है कि राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच फिलहाल विशेष जांच दल (SIT) कर रहा है और उसकी अंतिम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। मामले को लेकर राजनीतिक दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर लगातार जारी है।