ग्रेटर नोएडा। पाकिस्तान से भारत आई सीमा हैदर ने बेटी को जन्म दिया है। सीमा मंगलवार को 5वीं बार मां बनीं। मां और नवजात दोनों स्वस्थ हैं। सचिन मीणा को पहली संतान हुई। बेटी के जन्म से परिवार में खुशी की लहर है। सीमा को जल्द अस्पताल से छुट्टी दी जाएगी। सीमा के पति सचिन मीणा ने अस्पताल पहुंचकर अपनी बेटी का माथा चूमा और खुशी जताई। उन्होंने कहा कि यह उनके जीवन का सबसे सुखद पल है। परिवार ने लोगों से अपील की है कि वे बच्ची के नामकरण के लिए सुझाव दें।
सीमा हैदर पाकिस्तान के सिंध प्रांत की रहने वाली हैं। वह 13 मई 2023 को नेपाल के रास्ते भारत आई थीं। सीमा और सचिन की प्रेम कहानी पब्जी गेम के जरिए शुरू हुई थी। अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने के कारण उन्हें 4 जुलाई 2023 को गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 7 जुलाई को जमानत मिल गई। हालांकि, सीमा हैदर को अब तक भारतीय नागरिकता नहीं मिली है। उनके खिलाफ अवैध रूप से भारत में प्रवेश करने का मामला दर्ज है।
पुलिस के अनुसार, इस केस से संबंधित कुछ दस्तावेजों की रिपोर्ट विदेश मंत्रालय से आनी बाकी है। वहीं, सीमा ने अपने पाकिस्तानी पति गुलाम हैदर के खिलाफ कोर्ट में मुकदमा दायर किया है, जिसमें उन्होंने आरोप लगाया है कि गुलाम सोशल मीडिया पर उन्हें बदनाम कर रहा है। नेपाल के पशुपतिनाथ मंदिर में शादी करने के बाद, सीमा और सचिन ने भारत में विधिवत विवाह किया और रबूपुरा, ग्रेटर नोएडा में एक साथ रह रहे हैं। उनकी प्रेम कहानी भारत-पाकिस्तान समेत कई देशों में चर्चा का विषय बनी हुई है।