लखनऊ/मुरादाबाद: उत्तर प्रदेश की सियासत में बयानों के तीर एक बार फिर तेज हो गए हैं। समाजवादी पार्टी (सपा) के राज्यसभा सांसद जावेद अली खान अपने एक बयान को लेकर चर्चा में आ गए हैं। मुरादाबाद में आयोजित पार्टी के पीडीए (PDA) सम्मेलन को संबोधित करते हुए सांसद ने भारतीय जनता पार्टी पर देश का माहौल खराब करने का सीधा आरोप लगाया। इसके साथ ही उन्होंने देश की बहुसंख्यक आबादी को लेकर भी एक विवादित टिप्पणी की है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर सुर्खियां बटोर रहा है।
सामने आए वीडियो में सपा सांसद जावेद अली यह कहते सुनाई दे रहे हैं कि मुरादाबाद और संभल जैसे इलाकों में उन्हें लोगों को ज्यादा राजनीतिक बात समझाने की जरूरत नहीं पड़ती। उन्होंने कहा, “इन क्षेत्रों में बड़ी संख्या में ऐसे लोग हैं जो पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव के जमाने से समाजवादी पार्टी के पारंपरिक समर्थक और उसकी ताकत रहे हैं। इसलिए यहां जमीन तैयार करने के लिए ज्यादा मशक्कत नहीं करनी पड़ती।“
सांसद ने आगे कहा कि असली चुनौती उन क्षेत्रों में है जहां अल्पसंख्यकों की आबादी कम है और बहुसंख्यक समाज अधिक संख्या में है। उन्होंने आरोप लगाया कि सत्तारूढ़ दल (भाजपा) द्वारा फैलाए गए कथित विचारों का असर बहुसंख्यक समाज पर दिखने लगा है और वे इससे प्रभावित हो रहे हैं।
‘धर्म के नाम पर टूटा आपसी भरोसा’
देश और प्रदेश के मौजूदा सामाजिक ताने-बाने पर चिंता जताते हुए जावेद अली ने कहा कि वे किसी पर व्यक्तिगत आरोप नहीं मढ़ रहे हैं, लेकिन आज देश के भीतर ऐसा माहौल बना दिया गया है जिससे सदियों पुराना आपसी भाईचारा प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पहले लोग एक-दूसरे पर जो अटूट भरोसा करते थे, उसमें धर्म के आधार पर अब काफी दूरी आ चुकी है और वह आपसी विश्वास कमजोर हुआ है।
संभल और मुरादाबाद में है मजबूत सियासी पैठ
आपको बता दें कि राज्यसभा सांसद जावेद अली मूल रूप से उत्तर प्रदेश के संभल जिले के मिर्जापुर नसरुल्लापुर के निवासी हैं। उत्तर प्रदेश में अखिलेश यादव के नेतृत्व वाली पूर्ववर्ती सपा सरकार के दौरान भी वे राज्यसभा के सदस्य रह चुके हैं। मुरादाबाद और संभल के बेल्ट में जावेद अली को समाजवादी पार्टी का एक बड़ा और रसूखदार चेहरा माना जाता है। रविवार को मुरादाबाद में हुए सपा के मंच से दिए गए उनके इस बयान के बाद अब इस पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं आना भी तय माना जा रहा है।