गाजियाबाद। गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में बकरीद के दिन 17 वर्षीय छात्र सूर्या चौहान की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस के मुताबिक, किशोर पर कुछ युवकों ने धारदार हथियार से हमला किया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। इस बीच घटना का कथित CCTV फुटेज भी सामने आया है, जिसमें कुछ युवक सूर्या को घेरते हुए दिखाई दे रहे हैं।
जानकारी के अनुसार, सूर्या चौहान खोड़ा की नवनीत विहार कॉलोनी का रहने वाला था और 11वीं कक्षा का छात्र था। आरोप है कि उसे फोन कर एक स्थान पर बुलाया गया, जहां पहले से मौजूद युवकों ने उस पर हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल सूर्या को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी जान नहीं बच सकी।
परिजनों का दावा है कि कुछ समय पहले सूर्या का इलाके के कुछ युवकों के साथ विवाद हुआ था। उनका आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सुनियोजित तरीके से उसे बुलाकर हमला किया गया। परिवार ने मामले में शामिल सभी आरोपियों की गिरफ्तारी और सख्त कार्रवाई की मांग की है।
मामले में सूर्या के एक दोस्त ने मीडिया से बातचीत में दावा किया कि घटना वाले दिन उसे और सूर्या को मिलने के लिए बुलाया गया था। बातचीत के दौरान अचानक विवाद बढ़ गया और एक युवक ने कथित तौर पर चाकू निकालकर सूर्या पर हमला कर दिया। दोस्त के मुताबिक, हमले के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और घायल छात्र को अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतक के भाई ने भी आरोप लगाया है कि घटना से पहले सूर्या को बहाने से बुलाया गया था। परिवार का कहना है कि जब सूर्या ने कुछ बातों का विरोध किया तो उस पर हमला कर दिया गया। घटना के बाद परिवार गहरे सदमे में है और पीड़ित मां ने बेटे को न्याय दिलाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है। CCTV फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।