सूरत: मुंबई से अहमदाबाद जा रही वंदे भारत एक्सप्रेस पर मंगलवार शाम पथराव की घटना से हड़कंप मच गया। ट्रेन नंबर 22961 पर सूरत के उतरान और कोसाड स्टेशन के बीच कुछ लोगों ने पत्थर फेंके। पथराव की चपेट में ट्रेन के C-6 और C-10 कोच आए और दोनों कोच की खिड़कियों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए। खास बात यह है कि जिस समय यह घटना हुई, उसी ट्रेन में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी सफर कर रही थीं। हालांकि, वह पूरी तरह सुरक्षित हैं। घटना में किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।
शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच हुआ पथराव
रेलवे के मुताबिक, घटना मंगलवार शाम करीब 6:30 से 6:45 बजे के बीच हुई। वंदे भारत एक्सप्रेस मुंबई से अहमदाबाद की ओर जा रही थी। उतरान स्टेशन से आगे बढ़ने के कुछ देर बाद ट्रेन पर पथराव की सूचना मिली। पत्थर लगने से AC कोच की खिड़कियों के शीशे टूट गए। सूचना मिलते ही रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) को अलर्ट किया गया। सुरक्षा टीमों ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी।
RPF ने संदिग्ध को पकड़ा
घटना के बाद RPF की टीम ने रेलवे ट्रैक के आसपास तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान करीब 30 वर्षीय एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार, प्रारंभिक पूछताछ में उसके नशे में होने की बात सामने आई है। संदिग्ध की पहचान पिंटू कुमार के तौर पर बताई जा रही है। वह सूरत का रहने वाला बताया गया है। पुलिस और RPF उससे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि ट्रेन पर पत्थर क्यों फेंके गए और घटना के पीछे उसकी क्या मंशा थी।
रेलवे ने GRP को दी सूचना
वेस्टर्न रेलवे के वडोदरा डिवीजन के PRO अनुभव सक्सेना ने बताया कि वंदे भारत एक्सप्रेस के उतरान से निकलने के बाद उतरान और कोसाड के बीच पथराव की जानकारी मिली थी। इसके बाद तत्काल GRP SP को सूचना दी गई और RPF के जवानों को मौके पर भेजा गया। रेलवे अधिकारियों के मुताबिक, संदिग्ध को पकड़ लिया गया है और मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद उसे मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया जाएगा।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी ट्रेन में थीं
वंदे भारत एक्सप्रेस में उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल के अलावा दादरा एवं नगर हवेली और दमन एवं दीव के प्रशासक प्रफुल पटेल भी सफर कर रहे थे। दोनों एग्जीक्यूटिव कोच में सवार थे और पथराव से सुरक्षित रहे। बताया गया है कि राज्यपाल आनंदीबेन पटेल इन दिनों दादरा एवं नगर हवेली, दमन एवं दीव और गुजरात के दौरे पर हैं।
घटना में किसी यात्री के घायल होने की खबर नहीं
पथराव से ट्रेन के दो AC कोच की खिड़कियां क्षतिग्रस्त हुई हैं, लेकिन राहत की बात यह रही कि किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है। रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं और यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या आरोपी ने अकेले ही घटना को अंजाम दिया या उसके साथ कोई और भी शामिल था।