चंडीगढ़। भारत के उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने रविवार को गीता ज्ञान संस्थानम में लोगों को संबोधित करते हुए हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की जमकर तारीफ की। इस मौके पर हरियाणा के राज्यपाल बंडारू दत्तात्रेय भी मौजूद रहे। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी एक जमीन से जुड़े हुए नेता हैं, जिनका चरित्र बेदाग है। उपराष्ट्रपति ने मुख्यमंत्री को लगनशील और ऊंची सोच का धनी व्यक्ति बताया।
उपराष्ट्रपति ने हरियाणा को असीम संभावनाओं का प्रदेश करार देते हुए कहा कि यह प्रदेश देश का सिरमौर है और हर क्षेत्र में अभूतपूर्व योगदान दे रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व में हरियाणा का टैलेंट और भी अधिक उभरकर सामने आएगा।
जगदीप धनखड़ ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी निश्चित रूप से कुछ नायाब काम करेंगे और प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएंगे। उन्होंने हरियाणा को नायब सिंह सैनी के रूप में एक सक्षम साथी और सारथी मिलने पर संतोष व्यक्त किया।