बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी घमासान चरम पर है। गुरुवार को पहले चरण का मतदान खत्म होने के बाद अब दूसरे चरण की वोटिंग जारी है। सुबह से ही विभिन्न मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक, दोपहर 3 बजे तक करीब 60.40% मतदान दर्ज किया गया है।
जीतन राम मांझी का दावा – आधे से ज्यादा मत NDA को मिले
केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मतदान के बाद कहा, “भारत के गणतंत्र की यही व्यवस्था है कि एक मताधिकार राष्ट्रपति को मिला है और एक ही मत का अधिकार सर्व साधारण व्यक्ति के पास भी है। आज मैंने भी मतदान किया। हम NDA की वकालत करते रहे हैं। पहले चरण में 65% मतदान हुए, जिसमें 70% महिलाओं का योगदान रहा। इस बार भी महिलाओं की भागीदारी उतनी ही रहेगी। हमारे 122 में से कम से कम 80 उम्मीदवार जीतेंगे। यहां भी आधे से ज्यादा मत NDA को मिले हैं।
मैथिली ठाकुर बोलीं – विकास के लिए डाला वोट, जनता का मिला आशीर्वाद
अलीनगर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार मैथिली ठाकुर ने कहा, “मैंने मतदान कर लिया है। मैं अपने क्षेत्र के विकास के लिए वोट डालती हूं। देशहित में जो काम हो, उसमें मैं अपना योगदान देना चाहती हूं। उम्मीद से ज्यादा मुझे लोगों का प्यार और आशीर्वाद मिला है। 14 तारीख को जो भी होगा, वो हम सभी के लिए मान्य होगा।
अपर्णा बिष्ट यादव का विपक्ष पर हमला
भाजपा नेता अपर्णा बिष्ट यादव ने कहा, “पीएम मोदी ने जिस तरह से बिहार में चुनाव प्रचार को लीड किया है, वह ऐतिहासिक है। 50 साल पहले बिहार की जो स्थिति थी, उसमें NDA सरकार आने के बाद बड़ा बदलाव आया है। विपक्ष अब कोई ठोस आरोप नहीं लगा पा रहा, इसलिए वोट चोरी का आरोप लगाने लगा है। जो लोग पहले खुद वोट चोरी करते थे, अब वही दूसरों पर आरोप लगा रहे हैं। जब नतीजे आएंगे, तो बिहार में ‘कमल ही कमल’ खिलेगा।