पटना। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत ने अपने पिता के लिए फिर से लोगों को वोट देने के लिए अपील की है। उन्होंने कहा कि मेरे पिता ने काम किया है तो जनता को उन्हें फिर से चुनना चाहिए। निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बीमार होने के सवाल पर कहा कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। सब कुछ ठीक है।
निशांत कुमार ने जनता से अपील करते हुए कहा कि पहले भी बोला हूं और अभी भी बोल रहा हूं, सारी जनता से अनुरोध है कि फिर से एनडीए को सरकार में लाएं। पिताजी को हो सके तो फिर से सीएम बनाएं। पिताजी विकास के कार्य को लगातार जारी रखें। उन्होंने कहा कि जनता से पहले भी अनुरोध किया था, आज फिर अनुरोध कर रहा हूं मेरे पिताजी 19 सालों में इतना अच्छा काम किया है तो यह हक बनता है कि जनता उन्हें फिर से मुख्यमंत्री बनाएं। उन्होंने काम किया है तभी तो हक मांग रहे हैं। निशांत कुमार ने कहा कि पिता जी जनता के लिए इतना करते हैं तो जनता को भी उनके बारे में सोचना चाहिए। उनको फिर से लाएं, फिर से सरकार बने और विकास का क्रम यूं ही बना रहे।
तेजस्वी यादव कई सभाओं में या फिर कई मंचों पर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य को लेकर उन पर निशाना साधते रहे हैं। उन्होंने कई बार कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार अब थक गए हैं। उनसे अब कुछ नहीं होता है। उनके आसपास रहने वाले अधिकारी ही उनको जो बताते हैं वह नीतीश कुमार करते हैं। तेजस्वी यादव ने तो यहां तक कह दिया कि उनकी सर्कार मात्र चार लोग चला रहे हैं। दो दिल्ली में हैं और दो बिहार में हैं। तेजस्वी यादव के इन्हीं सब बयानों पर आज मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के पुत्र निशांत कुमार ने पलटवार किया है। अंत में निशांत कुमार ने मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य के सवाल पर कहा कि वह बिल्कुल स्वस्थ हैं। सब कुछ ठीक है।