रांची। झारखंड में चल रहे सियासी उठापटक के बीच एक बड़ा बदलाव देखने को मिला है। कांग्रेस भी अब अपना राजनीतिक समीकरण बदलती दिख रही है। दरअसल, अयोध्या के भव्य राम मंदिर में श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के बाद कांग्रेस पर भी भगवा खुमार चढ़ने लगा है।
झारखंड में बरकागांव से कांग्रेस विधायक अंबा प्रसाद को प्राण प्रतिष्ठा के बाद अलग अंदाज में देखा गया है। वह भगवा साड़ी में सड़क पर कार्यकर्ताओं के साथ नजर आईं हैं।
इतना ही नहीं, प्राण प्रतिष्ठा के बाद उन्हें सड़क पर जुलूस निकालते हुए भी देखा गया है। अपने एक्स अकाउंट पर कांग्रेस की महिला विधायक ने भगवा ड्रेस के साथ अपनी कुछ तस्वीरें भी पोस्ट की हैं। तस्वीर से यह जानकारी मिल रही है कि विधायक ने प्राण-प्रतिष्ठा के दौरान भंडारे का भी आयोजन किया था।
महिला विधायक ने वीडियो के साथ लिखी यह बात
अपने एक्स अकाउंट पर एक वीडियो शेयर करते हुए अंबा ने लिखा कि पतरातु न्यू मार्केट स्थित श्रीराम मंदिर में प्रतिमा स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुई। साथ में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं नेतागण मौजूद रहे। गौरतलब है कि वीडियो में कांग्रेस विधायक विभिन्न मंदिरों में पूजा करते हुए भी नजर आ रही हैं।
पतरातु न्यू मार्केट स्थित श्रीराम मंदिर में प्रतिमा स्थापना सह प्राण प्रतिष्ठा में शामिल हुई। साथ में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी एवं नेतागण मौजूद रहे। pic.twitter.com/BSpj1fg0FV
— Amba Prasad (@AmbaPrasadINC) January 24, 2024
वीडियो और फोटोज से यह स्पष्ट हो रहा है कि वह पूरी तरह से राममय हो गईं हैं। इसके अलावा, एक अलग पोस्ट में अपनी कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि हेसला पंचायत स्थित जनता मंदिर प्रांगण में श्रीरामलला प्राण प्रतिष्ठा के शुभ अवसर पर आयोजित भंडारा में शामिल हुई एवं श्रद्धालुओं के बीच प्रसाद व सामग्री वितरण की।