पटना: बिहार में किसानों से गेहूं की सरकारी खरीद 1 अप्रैल से शुरू होने जा रही है। इसके लिए सहकारिता विभाग ने सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली हैं। राज्य में गेहूं की खरीद पैक्स और व्यापार मंडलों के माध्यम से की जाएगी, जहां किसान अपनी उपज बेच सकेंगे।
सरकार किसानों से गेहूं की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) पर करेगी। केंद्र सरकार ने रबी विपणन मौसम 2026-27 के लिए गेहूं का MSP 2,585 रुपये प्रति क्विंटल तय किया है, जो पिछले वर्ष की तुलना में 160 रुपये अधिक है। इससे राज्य के किसानों को उनकी फसल का बेहतर मूल्य मिलने की उम्मीद है।
इस वर्ष बिहार में गेहूं अधिप्राप्ति का लक्ष्य 0.18 लाख मीट्रिक टन निर्धारित किया गया है। किसानों को खरीद प्रक्रिया की जानकारी देने और उन्हें जागरूक करने के लिए सहकारिता विभाग द्वारा राज्य के विभिन्न जिलों में बैठकें आयोजित की गई हैं। इन बैठकों में निबंधन, खरीद प्रक्रिया और भुगतान व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी गई।
गेहूं बेचने के लिए किसानों का ऑनलाइन निबंधन 21 जनवरी से dbtagriculture.bihar.gov.in पोर्टल पर शुरू हो चुका है। किसान पंचायत स्तर के पैक्स या प्रखंड स्तर के व्यापार मंडलों में अपनी सुविधा के अनुसार गेहूं बेच सकते हैं। खरीद के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर पीएफएमएस (PFMS) प्रणाली के जरिए उनके बैंक खाते में भुगतान कर दिया जाएगा, जिससे पारदर्शिता और तेजी सुनिश्चित होगी।
किसानों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है। किसी भी जानकारी के लिए किसान अपने प्रखंड के सहकारिता प्रसार पदाधिकारी, जिला सहकारिता पदाधिकारी या संयुक्त निबंधक कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा 0612-2200693 हेल्पलाइन नंबर पर भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।