नई दिल्ली। दिल्ली के नॉर्थ-वेस्ट जिले के शालीमार बाग थाना क्षेत्र में एक महिला की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतका की पहचान रचना यादव के रूप में हुई है। वारदात के बाद मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, यह हत्या किसी पुरानी रंजिश से जुड़ी हो सकती है।
पहले हो चुकी है पति की हत्या
पुलिस सूत्रों के अनुसार, रचना यादव के पति की भी कुछ वर्ष पहले बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी थी। उस मामले में रचना लगातार न्याय के लिए संघर्ष कर रही थीं। उन्होंने निचली अदालतों से लेकर उच्चतम न्यायालय तक अपनी लड़ाई लड़ी थी। हालांकि, उस हत्याकांड के सभी आरोपी अब तक पकड़े नहीं जा सके थे।
फरार आरोपियों पर पुलिस को शक
पुलिस का कहना है कि पति की हत्या के मामले में कुछ आरोपी अभी भी फरार चल रहे हैं। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि पुराने केस की दुश्मनी के चलते ही रचना यादव को निशाना बनाया गया हो। यह भी जांच की जा रही है कि हत्या का मकसद गवाही को प्रभावित करना या दबाव बनाना तो नहीं था।
बेटी का आरोप: गवाही से पहले की गई हत्या
मृतका की बेटी ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि उसके पिता की हत्या का मामला अब गवाही के चरण में पहुंच चुका था और उसकी मां उस केस की अहम गवाह थीं। बेटी का दावा है कि पिता की हत्या में कुल छह आरोपी थे, जिनमें से एक मुख्य आरोपी भलस्वा इलाके का रहने वाला है और अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर है। परिवार को शक है कि उसी गिरोह ने मुखबिरी कर हत्या को अंजाम दिया।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
घटना की सूचना मिलते ही शालीमार बाग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके को सील कर दिया गया। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है और संदिग्धों की पहचान की जा रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच कई एंगल से की जा रही है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।