बेंगलुरु। बेंगलुरु के चिक्काबनावारा इलाके में पति और चार साल के बच्चे की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। पुलिस ने इस डबल मर्डर केस में मृतक की पत्नी और उसके कथित प्रेमी को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान 26 वर्षीय ए. हरिणी और फैक्ट्री कर्मचारी विनय कुमार के तौर पर हुई है। दोनों को पूछताछ के लिए पांच दिन की पुलिस हिरासत में भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब सात बजे हरिणी ने कंट्रोल रूम को फोन कर बताया था कि उसका पति अभिनंदन और चार साल का बेटा यदुवीर घर में बेहोशी की हालत में पड़े हैं। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन दोनों की मौत हो चुकी थी।
जांच आगे बढ़ने पर पुलिस को मामले में कई ऐसे सुराग मिले, जिनसे पत्नी पर शक गहराता गया। अधिकारियों के मुताबिक, हरिणी के बयान में कई विरोधाभास सामने आए। घर में खून के निशान मिले, जबकि कुछ कपड़ों को धोकर सुखाने के लिए रखा गया था। इसके अलावा घर में लगे CCTV कैमरों के रविवार रात करीब 10 बजे के बाद बंद होने की बात भी सामने आई। पुलिस का दावा है कि हरिणी ने अपने मोबाइल से कॉल रिकॉर्ड, संदेश और तस्वीरों से जुड़ा डेटा भी हटा दिया था। जांच के दौरान इन सभी तथ्यों को जोड़कर पुलिस ने कथित तौर पर हत्या की साजिश की दिशा में जांच आगे बढ़ाई।
दो साल पहले सोशल मीडिया पर हुई थी मुलाकात
जांच अधिकारियों के अनुसार, हरिणी और विनय की मुलाकात करीब दो साल पहले सोशल मीडिया के जरिए हुई थी। पुलिस को संदेह है कि दोनों के बीच नजदीकी बढ़ने के बाद पति को रास्ते से हटाने की साजिश रची गई। पुलिस के मुताबिक, विनय कथित तौर पर रात करीब 11 बजे हरिणी के इशारे पर घर पहुंचा। जांच में यह भी सामने आया कि घर में दाखिल होने से पहले उसने अपना मोबाइल फोन बंद कर लिया था। पुलिस का आरोप है कि अभिनंदन के बाथरूम में जाने के दौरान उस पर हमला किया गया। इसके बाद उसका शव कमरे में ले जाया गया। पुलिस को शक है कि चार वर्षीय यदुवीर ने घटना देख ली थी।
बच्चे ने देखा था हमला, पुलिस का दावा
जांचकर्ताओं के अनुसार, घटना के दौरान शोर सुनकर यदुवीर जाग गया और बाथरूम की तरफ पहुंच गया। पुलिस का दावा है कि बच्चे ने अपने पिता पर हमला होते देख लिया था। इसके बाद उसे कथित तौर पर चुप रहने के लिए कहा गया। पुलिस का मानना है कि घटना का राज सामने आने के डर से बच्चे को भी निशाना बनाया गया। इसके बाद दोनों शवों को बिस्तर पर रखकर घटनाक्रम को अलग तरीके से पेश करने की कोशिश की गई। फिलहाल पुलिस दोनों आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि हत्या की पूरी वजह, घटनाक्रम और इसमें शामिल अन्य संभावित पहलुओं की जांच की जा रही है। आरोपों की पुष्टि अदालत में सुनवाई और जांच के निष्कर्ष के बाद ही होगी।