पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने दावा किया है कि राज्य सरकारी नौकरियों के लिए युवाओं की पहली पसंद बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की पारदर्शी और योग्यता-आधारित भर्ती नीति के कारण विदेशों में गए कई युवा भी अब पंजाब लौट रहे हैं और यहां रोजगार के अवसर तलाश रहे हैं।
पंजाब स्टेट पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (PSPCL) में चयनित 665 उम्मीदवारों को नियुक्ति पत्र वितरित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने पिछले साढ़े चार वर्षों में 68,268 सरकारी नौकरियां देकर नया रिकॉर्ड बनाया है। उन्होंने कहा कि अब सरकारी नौकरी पाने के लिए न रिश्वत की जरूरत है और न ही किसी सिफारिश की।
मुख्यमंत्री ने विदेशों में रह रहे पंजाबियों से राज्य वापस लौटने की अपील करते हुए भरोसा दिलाया कि सरकार उन्हें रोजगार के पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि युवाओं का व्यवस्था पर विश्वास फिर से कायम हुआ है और इसी का परिणाम है कि विदेशों में गए युवा भी अब अपने राज्य की ओर लौट रहे हैं।
सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए संदेश में मुख्यमंत्री मान ने कहा कि बठिंडा में आयोजित नियुक्ति पत्र वितरण समारोह के दौरान राज्य के विकास और युवाओं के उज्ज्वल भविष्य को लेकर कई महत्वपूर्ण निर्णयों की जानकारी दी गई। उन्होंने कहा कि पिछली सरकारों के दौर में भर्ती प्रक्रिया भ्रष्टाचार, रिश्वतखोरी और सिफारिशों से प्रभावित थी, लेकिन अब योग्यता के आधार पर पारदर्शी तरीके से नौकरियां दी जा रही हैं।
मुख्यमंत्री ने शिक्षा क्षेत्र में हुए सुधारों का उल्लेख करते हुए कहा कि पंजाब आज स्कूल शिक्षा के क्षेत्र में देश के अग्रणी राज्यों में शामिल हो चुका है। उन्होंने सरकारी कर्मचारियों, विशेषकर महिला कर्मचारियों के हित में एक महत्वपूर्ण घोषणा करते हुए कहा कि परिवीक्षा अवधि पूरी होने के बाद उन्हें उनके घर से 40 किलोमीटर के दायरे में तैनाती देने का प्रयास किया जाएगा, ताकि वे पारिवारिक और पेशेवर जीवन के बीच बेहतर संतुलन बना सकें।
मुख्यमंत्री मान ने कहा कि पहले पक्षपातपूर्ण व्यवस्था के कारण बड़ी संख्या में युवा विदेशों की ओर रुख कर रहे थे, लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। उन्होंने समारोह में मौजूद एक युवती का उदाहरण देते हुए कहा कि उसे तीन अलग-अलग नौकरियों के अवसर मिले हैं, जो राज्य में बदलती व्यवस्था और बढ़ते अवसरों का संकेत है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे विदेशों में रह रहे अपने दोस्तों और रिश्तेदारों को भी पंजाब वापस आने के लिए प्रेरित करें। मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार का लक्ष्य हर योग्य युवा को समान अवसर उपलब्ध कराना और एक समृद्ध तथा विकसित “रंगला पंजाब” का निर्माण करना है।