मशहूर हेयर स्टाइलिस्ट और हेयर ड्रेसर जावेद हबीब की मुश्किलें बढ़ गई हैं। थूक लगा कर बाल काटने के मामले में जावेद हबीब के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। मुजफ्फरपुर के मंसूरपुर थाने में पीड़ित महिला पूजा गुप्ता ने शिकायत दर्ज कराइ है। महिला ने धारा 355, 504 IPC, 3 महामारी अधिनियम और 56 आपदा प्रबंधन के तहत केस दर्ज कराया है।
बता दें कि मुजफ्फरपुर में आयोजित एक प्रोग्राम के दौरान हेयर स्टाइलिस्ट जावेद हबीब ने महिला के बालों में थूक कर उसकी खूबियां बताई। इस पुरे व्याख्या का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। पीड़ित महिला पूजा ने बताया कि ‘तीन दिन पहले जावेद हबीब ने हाईवे स्थित होटल किंग विला में एक वर्कशॉप मे डेमोस्ट्रेशन दिया था, उसी समय बालों को रूखा बताते हुए थूक दिया, हबीब ने सरेआम बालों पर थूककर मेरी बेइज्जती की है।’

पूजा ने बताया, ‘सेमिनार में सवाल-जवाब का सेशन चल रहा था, तभी मैंने उनसे (जावेद हबीब) से सवाल पूछा तो उनका जवाब था कि तू चुप बैठ जा, जब मैं मंच पर गई थी तो उन्होंने कहा कि यह वही है जो सुबह से कह रही है कि How it is possible? फिर उन्होंने मेरे सिर को पुश किया, मैंने मना किया कि मेरे सर्वाइकल है, जब उन्होंने मेरी कटिंग स्टार्ट की तो मेरे सिर पर दो बार थूक दिया और कहा कि अगर तुम्हारे पार्लर में पानी की कमी हो तो थूककर भी बाल काट सकते हैं।’

बता दें कि इस वीडियो के वायरल होते ही जावेद हबीब ने सोशल मीडिया के ज़रिए माफ़ी मांग ली है। इंस्टाग्राम पर वीडियो पोस्ट कर जावेद हबीब ने कहा कि ‘मैं दिल से माफ़ी मांगता हूं।’ वीडियो में उन्होंने थूक लगा कर बाल काटने का ज़िक्र नहीं किया, बल्कि उनके कुछ शब्दों से पहुंची ठेस के चलते माफ़ी मांगी।