इंदौर में एक महिला के साथ मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। वीडियो इंदौर के भंवरकुवा थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है, जहां एक MBBS डॉक्टर ने गुस्से में महिला का आलू-प्याज का ठेला पलटवा दिया। उसके साथ मारपीट की गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को पकड़ा है। जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि महिला और उसके बेटे की गलती सिर्फ इतनी थी कि उन्होंने डॉक्टर से ठेले के आगे से कार हटाने को कह दिया था। इससे नाराज डॉक्टर ने अपने क्लिनिक से कर्मचारियों को बुलाकर पहले मां-बेटे को पिटवाया, फिर आलू-प्याज रोड पर फेंक दिए। इंदौर की यह घटना शनिवार रात भंवरकुआ थाना क्षेत्र के भोलाराम उस्ताद मार्ग की है। यहां आलू-प्याज का ठेला लगाने वाली द्वारिका बाई और उसके बेटे राजू को क्लिनिक के संचालक डॉ. अनिल घई ने पिटवा दिया।
इसका वीडियो अब सामने आया है। सब इंस्पेक्टर थानां भवरकुआं डी एस चौहान ने कहा कि हमने 3 आरोपियों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ चल रही है। डॉक्टर के बारे में जांच की जा रही है कि उन्होंने सब्जी वाली महिला के साथ मारपीट की थी। बता दें कि कुछ रोज पहले भोपाल में भी ऐसा ही मामला सामने आ चुका है। वहां घर के बाहर खड़ी कार से ठेला टच हो जाने पर महिला प्रोफेसर ने फल का ठेला पलटा दिय था।