मुंबई। पैगंबर मुहम्मद पर कथित विवादित टिप्पणी की आरोपी पूर्व बीजेपी प्रवक्ता नूपुर शर्मा के बयान का समर्थन करने वाले अमरावती के फार्मासिस्ट उमेश कोल्हे की हत्या मामले में गिरफ्तार आरोपी शाहरुख पठान पर आर्थर रोड जेल में पांच कैदियों ने जानलेवा हमला किया है।
कैदी कल्पेश पटेल, हेमंत मनेरिया, अरविंद यादव, श्रवण चव्हाण उर्फ अवान और संदीप जाधव ने पठान पर हमला कर दिया। घटना 23 जुलाई की है। मंगलवार को एनएम जोशी मार्ग पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने अपने बयान में कहा, ”उमेश कोल्हे हत्याकांड के एक आरोपी शाहरुख पठान पर आर्थर रोड जेल में कुछ कैदियों ने हमला किया था। इनके खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।” आपको बता दें कि एनआईए ने इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वे न्यायिक हिरासत में हैं और वर्तमान में आर्थर रोड जेल में बंद है।
नुपूर शर्मा के बयान का भी है एंगल?
उमेश कोल्हे पर कथित तौर पर 21 जून को रात 10 बजे से रात 10:30 बजे के बीच तीन लोगों ने चाकू से हमला किया था। अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई थी। पुलिस के अनुसार, केमिस्ट ने नूपुर शर्मा के समर्थन में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट डाली थी, जिसने मई में एक टीवी डिबेट के दौरान पैगंबर मुहम्मद पर कथित विवादित टिप्पणी की थी।
राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने 5 जुलाई को अमरावती पुलिस से मामले की जांच अपने हाथ में ली थी। मुंबई की एक विशेष अदालत सात जुलाई को मामले के सातों आरोपियों को 15 जुलाई तक एनआईए की हिरासत में भेज चुकी है।