दिल्ली। राजधानी दिल्ली में दिल दहला देने वाले मर्डर की खबर सामने आ रही है। यहां बाहरी दिल्ली के शाहबाद डेरी के बी ब्लॉक में रविवार रात नाबालिग लड़की की चाकू घोंपकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस दिल दहला देने वाली घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है जिसमें एक युवक नाबालिग लड़की पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला करता जा रहा है।
इतना ही नहीं चाकू से वार करने के बाद भी जब उसका मन नहीं भरता तो उसे लात मारता है और फिर सिर पर पत्थर से वार करता है। नाबालिग की पहचान शाहबाद डेरी के ई ब्लॉक की साक्षी के रूप में हुई है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर अस्पताल के शवगृह भिजवा दिया है व प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
बर्थडे पार्टी में जा रही थी साक्षी
नाबालिग अपनी दोस्त भावना के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने के लिए जा रही थी। शाहबाद डेरी के बी ब्लॉक की ही निवासी भावना ने बताया कि वह साक्षी के साथ जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने जा रही थी। भावना नहाने के लिए सार्वजनिक शौचालय में चली गई। इस दौरान साक्षी भावना के घर के बाहर खड़ी थी। तभी एक युवक आया व साक्षी से बात करने लगा।
बातों ही बातों में उसने जेब से चाकू निकाला व साक्षी के पेट पर ताबड़तोड़ वार करना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने मौके पर आकर देखा तो साक्षी की मौत हो चुकी थी।