प्रयागराज। प्रयागराज के बहुचर्चित उमेश पाल हत्याकांड में आरोपी मृतक माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन और तीन मुख्य शूटर्स करीब 3 महीने से फरार हैं। प्रयागराज पुलिस के सामने यह बहुत बड़ी चुनौती है। उमेश पाल हत्याकांड की जांच के दौरान मिले सबूतों और बयानों के आधार पर पुलिस फरार 50 हजार इनामी शाइस्ता परवीन को गैंग लीडर मान चुकी है।
पुलिस अब शाइस्ता परवीन के खिलाफ गैंगस्टर की कार्रवाई करने जा रही है। पुलिस का यह भी कहना है कि अतीक अहमद के बाद अब गैंग की कमान शाइस्ता परवीन ही संभाल रही हैं। चर्चा है कि शाइस्ता विदेश भाग गई है, वहीं से सब कुछ ऑपरेट कर रही है।
उमेश पाल और उनके दो सरकारी गनर की हत्या में मास्टरमाइंड टीम में शामिल शाइस्ता परवीन के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट का मुकदमा दर्ज होने के बाद धारा 14 (1) के तहत उसकी चल और अचल संपत्ति भी कुर्क होगी। ऐसे में फरार चल रहे 5 लाख के इनामी गुड्डू मुस्लिम,साबिर और अरमान ही नहीं, अब तक विवेचना के दौरान सामने आए सभी आरोपियों के पर नकेल कस जाएगी।
शाइस्ता परवीन पर दर्ज हैं चार मुकदमें
माफिया अतीक अहमद की पत्नी शाइस्ता परवीन के खिलाफ चार मुकदमें दर्ज हैं। प्रयागराज के कर्नलगंज थाने में तीन मुकदमें जिसमें धोखाधड़ी, कूटरचना सहित अन्य आरोप लगे हैं। वहीं धूमनगंज थाने में उमेश पाल और उनके सरकारी सुरक्षाकर्मियों की हत्या संगीन अपराध दर्ज का है।
गैंग लीडर बनी शाइस्ता
मिली जानकारी के अनुसार अतीक के गैंग IS-227 में शाइस्ता परवीन उसके बेटों उमर, अली और एक अन्य बेटे सहित कई सहयोगियों का नाम शामिल किए जाने की बात कही जा रही थी। सूत्रों का कहना है कि अतीक के गैंग चार्ट से मृतकों का नाम अलग करते हुए नए सदस्यों का नाम बढ़ाया जा रहा है। वकील खान सौलत हनीफ के बयान के आधार पर और नाम भी प्रकाश में आए हैं।
शाइस्ता के देश से बाहर भागने की आशंका
प्रयागराज के सुलेम सरांय बाजार में 24 फरवरी को उमेश पाल और दो सिपाहियों की दुसाहसिक ढंग से हुई हत्या में नामजद शाहिस्ता परवीन और 3 शूटर अभी तक पुलिस की गिरफ्त से कोसों दूर हैं। पांच-पांच लाख के इनामी शूटर गुड्डू मुस्लिम, साबिर और अरमान का कोई सुराग न मिलने पर पुलिस की ओर से शाइस्ता, साबिर और गुड्डू के खिलाफ लुक आउट नोटिस जारी किया गया है। अशरफ के साले सद्दाम की फोटो विदेश से वायरल हो रही। इससे अनुमान है कि कुछ मुख्य आरोपी विदेश में शरण ले चुके हैं।