लखनऊ। उत्तर प्रदेश में कोरोना संक्रमण की चेन तेजी से टूटती नजर आ रही है। बीते 24 घंटे में प्रदेश में 4 हजार से कम कोरोना के नए मामले सामने आए। यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के 3टी फार्मूले से मिली सफलता से प्रदेश में रोज कोरोना के मामलों में गिरावट देखने को मिल रही है। एग्रेसिव टेस्टिंग के अलावा सूबे में तेजी किए जा रहे कोरोना वैक्सीनेशन से यूपी में कोरोना की दूसरी लहर पूरी तरह से काबू में दिख रही है। यूपी में अब कोरोना को हराने के लिए योगी सरकार ने एक और अहम फैसला लिया है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जानकारी देते हुये बताया कि, एक जून से 18 से 44 साल को लोगों का वैक्सीनेशन सभी 75 जिलों मे शुरू किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि तीसरी लहर की आशंका के चलते उन अभिभावकों को टीकाकरण में प्राथमिकता दी जाएगी जिनके बच्चे 12 साल से छोटी उम्र के हैं। बता दें कि, कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये राज्य में टीकाकरण अभियान जोर शोर से चलाया जा रहा है।
मौजूदा दौर में वैक्सीनेशन अभी सिर्फ 23 जिलों मे चल रहा है। मुख्यमंत्री ने ये जानकारी पूर्वांचल दौरे के वक्त दी। गौरतलब है कि, इससे पहले भी मुख्यमंत्री ने एक जून से 18+ के लोगों के वैक्सीनेशन को लेकर निर्देश दिया था। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया था कि, उन गांवों में वैक्सीनेशन अभियान चलाया जाए जहां संक्रमण की दर काफी ऊंची है।