मेरठ: उत्तर प्रदेश के मेरठ में युवती को होटल के कमरे में बंधक बनाकर रखने और दुष्कर्म की कोशिश के मामले में पुलिस ने आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया है. मंगलवार (25 नवंबर) को पुलिस ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने की कोशिश की तो उसने कथित तौर पर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. पुलिस की कार्रवाई के दौरान भागने की कोशिश में आरोपी निर्माणाधीन अंडरपास के पुल से नीचे गिर गया. हादसे में उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट आई है. घायल सलमान को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी की पहचान सलमान पुत्र इमामुद्दीन के रूप में हुई है. वह मेरठ के रोहटा थाना क्षेत्र स्थित शाहपुर जैननगर का निवासी है. उसके खिलाफ सदर बाजार थाने में मुकदमा संख्या 273/2026 दर्ज है. मामले में उस पर दुष्कर्म के प्रयास और एससी-एसटी एक्ट के तहत आरोप लगाए गए हैं.
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने की घेराबंदी
पुलिस के अनुसार, 25 नवंबर को अपराधियों की तलाश में चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था. इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मामले में वांछित सलमान ग्राम नारहेड़ा के पास निर्माणाधीन अंडरपास के नजदीक मौजूद है. सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और इलाके की घेराबंदी कर दी. पुलिस को देखकर आरोपी ने कथित तौर पर फायरिंग शुरू कर दी. पुलिसकर्मियों ने उसे आत्मसमर्पण करने की चेतावनी दी, लेकिन वह भागने लगा. इसी दौरान निर्माणाधीन पुल से नीचे गिरने के कारण घायल हो गया. इसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया. तलाशी के दौरान आरोपी के पास से .315 बोर का एक अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और एक खोखा कारतूस बरामद किया गया है. पुलिस के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद आरोपी ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए माफी मांगने की बात भी कही.
नौकरी दिलाने के बहाने युवती को होटल बुलाया
पुलिस और सामने आई जानकारी के मुताबिक, पीड़िता गाजियाबाद की रहने वाली है. करीब एक साल पहले उसकी मुलाकात मेरठ निवासी सलमान से हुई थी. दोनों एक निजी कंपनी में काम करते थे. इसी दौरान उनकी जान-पहचान हुई. बताया जा रहा है कि युवती की हाल ही में शादी तय हो गई थी, जिसके बाद उसने नौकरी छोड़ दी थी. आरोप है कि इसके बाद सलमान ने कई बार युवती से संपर्क करने और मिलने की कोशिश की, लेकिन उसने इनकार कर दिया. दो दिन पहले युवती अपनी एक सहेली से मिलने मेरठ आई थी. इसकी जानकारी सलमान को हो गई. आरोप है कि उसने युवती को नौकरी दिलाने का झांसा देकर आबूलेन मार्केट स्थित स्क्वायर होटल में बुलाया. पीड़िता का आरोप है कि होटल पहुंचने के बाद सलमान ने उसे कमरे में बंधक बना लिया और जबरन शादी करने का दबाव बनाने लगा. बताया गया है कि आरोपी पहले से शादीशुदा है और युवती को करीब दो दिनों तक होटल के कमरे में रोके रखा गया.
होटल से निकलकर सड़क पर मदद के लिए चिल्लाई युवती
इस पूरे मामले का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है. फुटेज में एक युवती होटल के पास की गली से निकलकर सड़क की ओर भागती दिखाई देती है. उसके पीछे एक युवक भी आता है. युवती सड़क पार कर भागने की कोशिश करती है, लेकिन युवक उसे पकड़ लेता है. इसके बाद वह उसे उठाकर सड़क पर गिरा देता है और फिर वापस उसी गली की तरफ ले जाता दिखाई देता है. फुटेज में आसपास से वाहन गुजरते और कुछ लोग मौजूद नजर आते हैं. घटना के कुछ देर बाद वहां लोगों की भीड़ जुट जाती है. इसके बाद कुछ लोग युवती को बाहर निकालते हैं. मौके पर मौजूद एक महिला उसकी मदद करती है और उसे पानी पिलाती है.
शिकायत के बाद पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवती को अपने साथ थाने ले गई. पीड़िता की शिकायत के आधार पर सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया. इसके बाद से पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी. अब पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. घायल आरोपी का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है.